मोनी अमावस्या पर फाटक गौशाला में विशेष हवन यज्ञ का आयोजन

92

बीमार व असहाय गोवंश के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
हनुमानगढ़ टाउन स्थित बरकत कॉलोनी के फाटक गौशाला परिसर में आज मोनी अमावस्या के पावन अवसर पर विशेष हवन यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। यह धार्मिक कार्यक्रम फाटक गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय गोवंश के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा गौशाला की निरंतर उन्नति की कामना करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोभक्तों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। हवन यज्ञ की शुरुआत पंडित राम प्रकाश जी शास्त्री द्वारा विधि-विधानपूर्वक वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ की गई। यज्ञ में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से आहुतियां अर्पित कीं और गोमाता के स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की प्रार्थना की। वातावरण वैदिक मंत्रों और भक्तिभाव से ओत-प्रोत रहा। फाटक गौशाला समिति के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि मोनी अमावस्या और माघ मास में दान-पुण्य का विशेष महत्व माना जाता है। इसी भावना के तहत यह आयोजन किया गया, ताकि श्रद्धालु गोभक्त गौमाता की सेवा में योगदान देकर पुण्य अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि गौशाला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऐसे गोवंश लाए जाते हैं, जो दुर्घटनाओं में घायल, गंभीर रूप से बीमार या पूरी तरह असहाय होते हैं। समाज के सहयोग, चिकित्सकीय सुविधाओं और सेवाभावी कार्यकर्ताओं की मदद से इन गोवंशों का समुचित उपचार और देखभाल की जाती है।
हवन यज्ञ में तुलसी देवी, कोमल रानी, नीतू रानी, सुमन देवी, रेखा रानी, सरल गर्ग, ललिता गोयल, ज्याना, पुष्प देवी, जीत फतेहगढ़िया, पवन कुमार, रमेश कुमार, राकेश शर्मा सहित अनेक गोभक्तों ने भाग लिया। सभी ने आहुति देकर गोवंश के शीघ्र स्वस्थ होने और गौशाला की प्रगति की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा गौशाला समिति की ओर से उपस्थित सभी गोभक्तों का आभार व्यक्त किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।