शहरी सेवा शिविर में महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित

108

-गोद भराई, अन्नप्राशन संस्कार व पोषण जागरूकता गतिविधियों में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता
हनुमानगढ़। राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर के तहत बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में नगरपरिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, शिविर प्रभारी गंगाराम और सहायक नगर नियोजक निखिल नेहरा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
शिविर के दौरान पारंपरिक रीति से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई। वहीं छह माह तक के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया, जिसमें बच्चों को पहली बार ठोस आहार ग्रहण करवाने की परंपरा निभाई गई। इस अवसर पर महिलाओं को मातृत्व काल में स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी उपयोगी जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकने और कुपोषण उन्मूलन की शपथ भी दिलाई गई।
महिला पर्यवेक्षक मधु महाजन ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। उन्होंने समझाया कि इस योजना से लाभान्वित होकर महिलाएं प्रसव पूर्व और प्रसव उपरांत उचित देखभाल सुनिश्चित कर सकती हैं। विभागीय अधिकारियों ने मोटे अनाज (मिलेट्स) के सेवन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि मिलेट्स पोषण का उत्तम स्रोत हैं और इन्हें नियमित आहार में शामिल करने से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार होता है।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता अनिता, गोमती, सलमा, जसविन्द्र, अंजली, रेखा, मुक्ता एवं सहायिका हरदीप कौर ने सक्रिय सहयोग दिया। बड़ी संख्या में वार्डवासी भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से समाज में स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता फैलती है। अंत में उपस्थित गर्भवती महिलाओं और माताओं को आहार संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।