टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में आज शाम एक अहम मुकाबला खेला जाएगा, जहां भारत और जिम्बाब्वे (IND Vs ZIM) आमने-सामने होंगे। यह मैच चेन्नई के प्रतिष्ठित M. A. Chidambaram Stadium में शाम 7 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा- हम बैटिंग करना चाहना थे।
हार का मतलब सेमीफाइनल की उम्मीदों पर लगभग विराम, जबकि जीत से आगे की राह बनी रह सकती है। हालांकि समीकरण सिर्फ जीत तक सीमित नहीं हैं। विजेता टीम को वेस्टइंडीज के मैच के नतीजे पर भी नजर रखनी होगी। अगर विंडीज अपना मुकाबला जीत जाती है, तो रात का मैच जीतने के बावजूद समीकरण जटिल हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Air Ticket कैंसिलेशन के नियम बदले, अब बुकिंग 48 घंटे में कैंसिल की तो फुल-रिफंड, जानें यहां सबकुछ
सुपर-8 में अब तक का प्रदर्शन
सुपर-8 की शुरुआत दोनों टीमों के लिए निराशाजनक रही है। भारत को अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। वहीं जिम्बाब्वे भी पिछड़ गया और वेस्टइंडीज ने उसे 107 रन से हराया। ऐसे में आज का मुकाबला दोनों टीमों के लिए वापसी का आखिरी मौका माना जा रहा है।
हेड-टू-हेड में भारत भारी
अगर भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 इतिहास पर नजर डालें तो पलड़ा टीम इंडिया का भारी रहा है। दोनों देशों के बीच अब तक 13 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 10 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे को 3 जीत मिली है।टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें अब तक सिर्फ एक बार आमने-सामने आई हैं। यह मुकाबला 2022 में खेला गया था, जहां सूर्यकुमार यादव की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने जीत दर्ज की थी।

भारत में पहली टी-20 भिड़ंत
दिलचस्प बात यह है कि जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर अब तक कोई टी-20 इंटरनेशनल नहीं खेला है। हालांकि टीम भारत में कुल 24 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी है, जिनमें 19 वनडे और 5 टेस्ट शामिल हैं।
समीकरणों का खेल
आज का मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच की टक्कर नहीं, बल्कि अंकतालिका और नेट रन रेट के जटिल गणित से भी जुड़ा हुआ है। एक ओर भारत अपनी मजबूत रिकॉर्ड और अनुभव के दम पर वापसी करना चाहेगा, तो दूसरी ओर जिम्बाब्वे उलटफेर की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगा।
चेन्नई की पिच और मौसम की भूमिका भी अहम हो सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दबाव की इस घड़ी में कौन सी टीम अपने खेल और संयम से सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रख पाती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































