टी-20 वर्ल्ड कप में आज क्रिकेट की सबसे बड़ी जंग होने जा रही है। भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan T20 World Cup) आमने-सामने हैं, और मुकाबले से पहले माहौल पूरी तरह गर्म है। चर्चा एक नाम की सबसे ज्यादा हो रही है-उस्मान तारीक। पाकिस्तान के इस मिस्ट्री स्पिनर को लेकर टीवी स्टूडियो से लेकर सोशल मीडिया तक बहस छिड़ी हुई है।
उनके अनोखे एक्शन, गेंद छोड़ने से पहले आने वाला ठहराव और बदलती रफ्तार बल्लेबाजों के लिए पहेली बन गई है। लेकिन बड़े मैच अक्सर शोर से नहीं, असर से तय होते हैं। और ऐसे में पाकिस्तान को जिस गेंदबाज से सबसे ज्यादा सावधान रहना होगा, वह हैं Varun Chakravarthy।
2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के बाद वरुण चक्रवर्ती ने खुद को पूरी तरह बदला हुआ खिलाड़ी साबित किया है। उनकी गेंदबाजी में अब सिर्फ रहस्य नहीं, बल्कि नियंत्रण और निरंतरता भी दिखती है। फ्लाइट में हल्का बदलाव, रफ्तार में सूक्ष्म अंतर और सटीक लाइन। इन सबने उन्हें भारत के सबसे भरोसेमंद विकेट-टेकरों में शामिल कर दिया है। भले ही भारतीय आक्रमण की अगुवाई Jasprit Bumrah करते हों, लेकिन इस टूर्नामेंट में वरुण का प्रभाव किसी से कम नहीं रहा।
ये भी पढ़ें: कौन हैं उस्मान तारीक? जिनकी रहस्यमयी गेंदबाजी ने भारत-पाक मुकाबले से पहले बढ़ाई टेंशन
वर्ल्डकप में वरुण चक्रवर्ती ने दिखाया अपना जलवा
भारत ने अब तक अपने दोनों मैच जीते हैं और दोनों में वरुण की भूमिका अहम रही है। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 24 रन देकर रन गति पर ब्रेक लगाया, जिससे मैच भारत की पकड़ में आया। नामीबिया के खिलाफ तो उन्होंने मुकाबले का रुख ही बदल दिया। जब विपक्षी टीम 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मजबूत शुरुआत कर चुकी थी, तब वरुण ने लगातार विकेट लेकर उनकी उम्मीदें तोड़ दीं। दो ओवर में 7 रन और 3 विकेट का स्पेल इस वर्ल्ड कप के सबसे असरदार स्पेल्स में गिना जा रहा है।

पाकिस्तान के खिलाफ कैसा रहा प्रदर्शन?
अब नजर आज के भारत-पाक मुकाबले पर है। पाकिस्तान जानता है कि वरुण के खिलाफ लापरवाही महंगी पड़ सकती है। आंकड़े बताते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ खेले चार टी-20 मुकाबलों में वरुण ने तीन विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट करीब सात रहा है। 2021 में दुबई में एक मुकाबला जरूर उनके लिए खराब रहा था, लेकिन वापसी के बाद उनका आत्मविश्वास और धार दोनों अलग स्तर पर हैं। उन्होंने फखर जमान और साहिबजादा फरहान जैसे अहम बल्लेबाजों को भी आउट किया है।
लगातार कमाल कर रहे हैं वरुण
सबसे बड़ी बात यह है कि वरुण लगातार विकेट ले रहे हैं। वापसी के बाद 30 पारियों में वह सिर्फ दो बार विकेट से खाली लौटे हैं। वह लगातार 15 पारियों से हर मैच में कम से कम एक विकेट ले रहे हैं। 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से वह स्पिनरों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 32 मैच में 61 विकेट और दो बार पांच विकेट हॉल-ये आंकड़े बताते हैं कि वह अब सिर्फ मिस्ट्री स्पिनर नहीं, बल्कि मैच के रुख को बदलने वाले गेंदबाज बन चुके हैं।
आज अगर पाकिस्तान की शुरुआत सैम अयूब या साहिबजादा फरहान के जरिए तेज भी होती है, तो भारतीय कप्तान के पास बीच के ओवरों में वरुण जैसा भरोसेमंद हथियार मौजूद है। कोलंबो की पिच स्पिनरों को मदद दे सकती है, और ऐसे में वरुण का रोल और अहम हो जाता है। उस्मान तारीक चर्चा में जरूर हैं, लेकिन भारत-पाक जैसे हाई वोल्टेज मुकाबले में फर्क वही खिलाड़ी डालता है जो दबाव में ठंडा दिमाग रखे और सही समय पर वार करे।
आज की रात तय करेगी कि शोर जीतता है या असर। और पाकिस्तान के लिए असली परीक्षा उस्मान तारीक नहीं, वरुण चक्रवर्ती की गेंदों को पढ़ने की होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































