हनुमानगढ़ में पहली बार होगी राज्य स्तरीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप

105

हनुमानगढ़: हॉकी हनुमानगढ़ द्वारा आयोजित एक प्रेस वार्ता में रविवार को जानकारी दी गई कि 4 से 7 जून तक हनुमानगढ़ के राजीव गांधी जिला स्टेडियम में राज्य स्तरीय 15वीं सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर हैं। हॉकी हनुमानगढ़ के अध्यक्ष मलकीत सिंह मान ने बताया कि जिले की महिला हॉकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले दिसंबर माह के अंत में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें चयनित टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। चैम्पियनशिप को सफल बनाने के लिए हॉकी हनुमानगढ़ की पूरी टीम सक्रिय है।

संगठन के चेयरमैन सुमित रणवां ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न जिलों से आने वाली महिला खिलाड़ियों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और ठंड से बचाव के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के लिए एक उत्कृष्ट मंच होगी, बल्कि खेल के प्रति जागरूकता और जिले के खेल स्तर को बढ़ाने में भी सहायक होगी। हॉकी हनुमानगढ़ के सचिव हरवीर सिंह सरां ने बताया कि हनुमानगढ़ में पहली बार सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप का आयोजन हो रहा है। इससे पहले जिले में जूनियर स्तर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार का आयोजन एक ऐतिहासिक क्षण होगा, जो हनुमानगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ेगा।

राज्य स्तरीय महिला हॉकी चैम्पियनशिप का आयोजन महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और राज्य स्तर पर उनकी पहचान बनाने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। प्रेस वार्ता में हॉकी हनुमानगढ़ के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अपना पूरा सहयोग देने का वादा किया। प्रतियोगिता के दौरान जिले के खेल प्रेमियों को उच्च स्तर की हॉकी का आनंद उठाने का अवसर मिलेगा। हनुमानगढ़ में आयोजित इस राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप से जिले में हॉकी खेल को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से हनुमानगढ़ न केवल खेलों में अपनी पहचान बनाएगा, बल्कि राज्य स्तर पर महिला हॉकी को भी नई ऊंचाई तक पहुंचाने में योगदान देगा। उक्त आयोजन को सफल बनाने में आयोजन सचिव दर्शन संधु, आयोजन टेक्निक प्रभारी मस्तान सिंह, कोच गुरदीप सिंह अपनी सेवाएं देगे।

डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।