छात्र संघ चुनाव राजनीति की पहली सीढ़ी, सरकार बहाल करे छात्र संघ चुनाव – अभिषेक चौधरी

236
– एनएसयूआई की छात्र चेतना यात्रा हनुमानगढ़ पहुंची, छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन
हनुमानगढ़। प्रदेशभर में छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर निकाली जा रही एनएसयूआई की छात्र चेतना यात्रा शुक्रवार को हनुमानगढ़ पहुंची। यात्रा का नेतृत्व राजस्थान विश्वविद्यालय के नेता अभिषेक चौधरी कर रहे हैं। जिला मुख्यालय पहुंचने पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं और छात्रों ने जाट भवन से जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि प्रदेश में शीघ्र ही छात्र संघ चुनाव करवाए जाएं, ताकि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिल सके।
यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का कहना था कि छात्र संघ चुनाव न केवल विद्यार्थियों के अधिकारों की आवाज है, बल्कि राजनीति में प्रवेश की पहली सीढ़ी भी है। उनका तर्क था कि चुनावों के माध्यम से छात्र नेतृत्व का विकास होता है और यह लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करता है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार छात्र नेतृत्व को दबाने और युवाओं की राजनीतिक भागीदारी को सीमित करने का प्रयास कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए सही संकेत नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान अभिषेक चौधरी ने कहा, “पिछले कई वर्षों से प्रदेश में छात्र संघ चुनाव नियमित रूप से नहीं हो रहे हैं। यह सरकार युवाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने में नाकाम रही है। छात्र चेतना यात्रा का उद्देश्य हर जिले में छात्रों को जागरूक करना और सरकार तक यह संदेश पहुंचाना है कि अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
जयनारायण व्यास विश्विद्यालय के छात्र नेता महेंद्र चौधरी, पीसीसी सचिव मनीष मक्कासर और अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई लंबे समय से छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग कर रही है और यह यात्रा उसी संकल्प का हिस्सा है। उनका कहना था कि छात्र राजनीति न केवल कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर नेतृत्व प्रदान करती है, बल्कि कई बड़े राजनीतिक नेता इसी मंच से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।