महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का सफल आयोजन

177

-अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की महिला इकाई ने छात्राओं को आत्मनिर्भरता व सुरक्षा के लिए किया प्रेरित, 8 वर्षीय बच्ची की हत्या के दोषी पर सख्त कार्रवाई की भी मांग
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की महिला जिला इकाई द्वारा महिला जिला अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल के नेतृत्व में 20 अगस्त, बुधवार को श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेटियों को अपनी सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना, भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने की सीख देना तथा महिला स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना रहा। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी हनुमानगढ़ नीलम चौधरी, महिला थाना प्रभारी सविता डाल, अग्रवाल समाज की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. उषा बंसल, प्रमुख समाजसेविका डॉ. सुमन चावला और समाजसेवी अनुपमा विजय मौजूद रही। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। महिला अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के शिविर समय-समय पर आयोजित कर महिलाओं और छात्राओं को जागरूक करना संगठन का मुख्य उद्देश्य है।
डीएसपी नीलम चौधरी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के समय में बेटियों को आत्मरक्षा की तकनीकें सीखना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को पुलिस विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और उनसे आग्रह किया कि किसी भी परिस्थिति में घबराने के बजाय तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और आत्मनिर्भरता ही महिलाओं को मजबूत बनाती है।
महिला थाना प्रभारी सविता डाल ने छात्राओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा के लिए जागरूक करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका तभी सशक्त होगी जब वे अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सचेत रहेंगी। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित किया कि वे किसी भी अन्याय या अत्याचार को सहन न करें और तुरंत पुलिस से मदद लें।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।