महंत ऋषि आनंद जी ने किया स्वागत, शाल ओढ़ाकर किया सम्मानित
हनुमानगढ़/बद्रीनाथ। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने बुधवार को सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तराखंड स्थित श्री बद्रीनाथ धाम में दर्शन किए। रजनीकांत के आगमन की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग अपने चहेते अभिनेता की एक झलक पाने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्सुक नजर आए, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से किसी को भी रजनीकांत से मिलने की अनुमति नहीं दी।
धाम में साधुसुधा आश्रम बद्रीनाथ जी और साधुसुधा आश्रम हनुमानगढ़ के महंत स्वामी श्री ऋषि आनंद जी महाराज ने रजनीकांत का विधिवत स्वागत किया। महंत जी ने उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और भगवान बद्रीनाथ के दर्शन करवाए। इस अवसर पर मंदिर के VIP ऑफिस में एक संक्षिप्त भेंटवार्ता भी हुई, जिसमें बद्रीनाथ धाम की आध्यात्मिक महत्ता, धार्मिक परंपराओं और उत्तराखंड की प्राकृतिक सौंदर्यता पर चर्चा हुई।
महंत ऋषि आनंद जी ने रजनीकांत को पुनः श्री बद्रीनाथ धाम आने का आमंत्रण दिया और कहा कि भगवान बद्री विशाल के दर्शन से आत्मा को शांति मिलती है। रजनीकांत ने भी बद्रीनाथ धाम की दिव्यता और शांति की सराहना करते हुए कहा कि यहां का आध्यात्मिक वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक है। रजनीकांत की मौजूदगी से धाम का वातावरण उत्साह और श्रद्धा से भर गया। हालांकि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते आम श्रद्धालुओं को उनसे मिलने का अवसर नहीं मिल पाया, लेकिन लोगों ने दूर से ही उनका अभिवादन कर प्रसन्नता व्यक्त की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































