सूर्यवंशी स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने स्केटिंग में लगाया पदकों का अर्धशतक

327

-51 पदक जीतकर बच्चों ने जिले का नाम किया रोशन, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की ओर बढ़ी उम्मीदें
हनुमानगढ़।
 खेलों के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही सूर्यवंशी स्पोर्ट्स अकादमी, हनुमानगढ़ ने एक बार फिर अपनी उपलब्धियों से जिले का गौरव बढ़ा दिया है। अकादमी के स्केटिंग खिलाड़ियों ने 30वीं जिला स्तरीय विद्यालयी रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस साल कुल 51 पदक जीतकर पदकों का अर्धशतक पूरा किया।
यह प्रतियोगिता बालक-बालिका वर्ग में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग हेतु आयोजित की गई थी, जिसका आयोजन लिटिल फ्लावर कान्वेंट स्कूल, हनुमानगढ़ जंक्शन एवं पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, रतनपुरा संगरिया में हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया, लेकिन सूर्यवंशी स्पोर्ट्स अकादमी के बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से मैदान पर खास पहचान बनाई।
अकादमी के निदेशक एवं कोच डॉ. संजय सूर्यवंशी ने बताया कि खिलाड़ियों ने विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। इनमें सायशा, मौलिक सिंगाठिया और नमनदीप सिंह ने तीन-तीन स्वर्ण पदक जीतकर अकादमी की उपलब्धियों में सुनहरा अध्याय जोड़ा। वहीं राम, प्रियंका और कनिका ने दो-दो स्वर्ण पदक अर्जित किए। इसके अलावा हरमन कंबोज ने एक स्वर्ण व दो रजत, सोफिया ने एक स्वर्ण व दो रजत, प्रियांशी पूनिया ने एक स्वर्ण व दो रजत तथा लावण्या ने एक स्वर्ण व दो रजत पदक अपने नाम किए।
युवाओं की इस सूची में मानवीश सिंह और यशदीप सिंह ने कांस्य पदक हासिल कर योगदान दिया, जबकि मन्नत कौर ने एक रजत और दो कांस्य, शुभम कस्वां ने दो रजत, वैभव ने एक रजत, कनिका ने एक कांस्य, विपिन ने दो कांस्य, हर्षित ने दो कांस्य और आयुष ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर अकादमी की उपलब्धियों में इजाफा किया। इसी तरह सौरभ लोहमरोड़ ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कुल मिलाकर खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से 51 पदक अर्जित हुए, जिससे सूर्यवंशी स्पोर्ट्स अकादमी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
प्रतियोगिता उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में विद्या सेंट्रल अकादमी स्कूल के निदेशक दीपक कश्यप तथा शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी सफलता हासिल करने की प्रेरणा दी गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।