स्वामी विवेकानंद रंगमंच समिति ने युवाओं को सौंपी जिम्मेदारी

118

– गौरव शर्मा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, समिति की नई कार्यकारिणी गठित
हनुमानगढ़। स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की वार्षिक बैठक शनिवार को स्थानीय स्थल पर समिति अध्यक्ष गणेश सोलंकी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2025-26 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन एवं गत वर्ष के कार्यों की समीक्षा करना था। बैठक में समिति के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। बैठक की शुरुआत में पूर्व अध्यक्ष गणेश सोलंकी ने वर्ष 2024-25 के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने समिति द्वारा आयोजित नाट्य प्रस्तुतियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी साझा की। सदन ने उनकी रिपोर्ट पर संतोष व्यक्त करते हुए उसे सर्वसम्मति से पारित किया।
इसके उपरांत गणेश सोलंकी ने गौरव शर्मा का नाम नए अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए गौरव शर्मा को समिति का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनके चयन का स्वागत किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा कि वे समिति की परंपराओं को बनाए रखते हुए युवा कलाकारों को मंच प्रदान करने, रंगमंच की विविध विधाओं को बढ़ावा देने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में कार्य करेंगे।
समिति की संरक्षक नगीना बाई ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “रंगमंच केवल मंचीय कला नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। समिति के माध्यम से जो सांस्कृतिक कार्य हो रहे हैं, वे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। मैं नवगठित कार्यकारिणी से अपेक्षा करती हूं कि वे ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ समिति के उद्देश्यों को आगे बढ़ाएं।” उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को रंगमंच के ज़रिए सामाजिक संदेश देने की प्रेरणा दी जानी चाहिए।
बैठक में समिति की संरक्षक के रूप में नगीना बाई, नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष रोहित शर्मा, कोषाध्यक्ष अमित सैन, उपकोषाध्यक्ष प्रभु सिंह, सचिव मानव तिवारी, डायरेक्टर लिखमी बडगूजर, मीडिया प्रभारी मनीष कौशिक, सीनरी डायरेक्टर प्रदीप गुप्ता, सह सीनरी डायरेक्टर पवनदीप सिंह, विधि सलाहकार विकास बडगूजर, सह विधि सलाहकार रितिक शर्मा, प्रचार मंत्री विशाल सिंघल, मंच संयोजक दिलीप शेखावत और सदस्यों में अमित तिवारी, गणेश सोलंकी, प्रवीण खन्ना, विजय कौशिक, मुकेश शर्मा को शामिल किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवगठित सदस्यों को शुभकामनाएं दी गईं और समिति की आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।