अखिल भारतीय किसान सभा की तहसील बैठक संपन्न, सम्मेलन की तैयारियों पर हुआ मंथन

171

-12 जनवरी को आयोजित होगा किसान सभा का तहसील सम्मेलन, नई कमेटी के गठन पर जोर
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय किसान सभा की तहसील स्तरीय बैठक किसान सभा तहसील संयोजक सुरेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी तहसील सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 12 जनवरी को किसान सभा का तहसील सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए बैठक में रूपरेखा तय की गई तथा सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए तहसील संयोजक सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय किसान सभा पिछले 25 वर्षों से किसानों की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है। संगठन ने किसानों के हक और अधिकारों के लिए निरंतर आंदोलन किए हैं और हर मंच पर किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसानों के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं, ऐसे में संगठन को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से तहसील सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, ताकि संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ किया जा सके।
सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि सम्मेलन के दौरान नई तहसील कमेटी का गठन किया जाएगा तथा गांव-गांव में किसान सभा की शाखाओं के सम्मेलन भी आयोजित किए जा रहे हैं। इससे संगठन की जड़ें मजबूत होंगी और अधिक से अधिक किसानों को आंदोलन से जोड़ा जा सकेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।