अजाक संगठन की बैठक में तहसील कार्यकारिणी गठित

134

-सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानित कर दी गई समाज सेवा की प्रेरणा
हनुमानगढ़। 
डॉ. भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी संगठन (अजाक) की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को अजाक भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन में जिला अध्यक्ष सुमेर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार व सशक्तिकरण के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर संगठन की तहसील स्तरीय कार्यकारिणी के गठन की औपचारिक घोषणा की गई, जिसमें सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से नियुक्तियाँ की गईं।
जिला अध्यक्ष सुमेर सिंह ने घोषणा करते हुए बताया कि तहसील भादरा के अध्यक्ष पद पर रामस्वरूप पतलान व महासचिव हवा सिंह टंडन को नियुक्त किया गया है। नोहर तहसील अध्यक्ष के रूप में महावीर सर्वा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नोहर के ही महासचिव पद पर राजेन्द्र कासोटिया की नियुक्ति की गई। पल्लू तहसील के अध्यक्ष सुखराम कालवा बनाए गए हैं और महासचिव का दायित्व आदेश तालनिया को सौंपा गया है।
संगठन की इस बैठक में न केवल जिम्मेदारियों का वितरण किया गया, बल्कि समाज और प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त मेघराज बिबान तथा शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त मोहनलाल जिनागल को उनकी निष्ठावान, ईमानदार और बेदाग सेवा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को माला, शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर संगठन द्वारा सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अजाक संगठन केवल अधिकारियों व कर्मचारियों का संगठन नहीं, बल्कि यह सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक कार्यो का एक सशक्त मंच है। संगठन का उद्देश्य केवल कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज बुलंद करना भी है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।