हनुमानगढ़ टाउन स्थित तेरापंथ सभा भवन में आज एक दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला, जब तेरापंथ धर्म संघ के आचार्य श्री महाश्रवण जी की सुशिष्या साध्वी सूरजप्रभा जी, साध्वी डॉ. लावण्ययशा जी एवं साध्वी नैतिक प्रभा जी का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश संपन्न हुआ। यह शुभ अवसर पूरे नगर के लिए गौरवपूर्ण बन गया। सुबह 8;00 बजे साध्वी श्री जी का श्री राजेंद्र बोथरा तहसीलदार के निवास स्थान से नगर विहार करते हुए शोभायात्रा के रूप में आगमन हुआ। शोभायात्रा में श्रावक समाज, तेरापंथ महिला मंडल,तेरापंथ युवक परिषद् तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। तेरापंथ सभा अध्यक्ष संजय बांठिया ने बताया कि नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए जगह-जगह साध्वी श्री जी का श्रद्धालुजनों द्वारा स्वागत किया गया तथा सभी के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था भी की गई। वीएम स्कूल के बच्चों ने बैंड ड्रम की सुंदर प्रस्तुति से शोभायात्रा को और भी भव्य बनाया। लगभग 9:02 बजे साध्वी श्रीजी का मंगल प्रवेश तेरापंथ भवन में हुआ, जहां सभा अध्यक्ष संजय बांठिया ने भगवान पार्श्वनाथ की स्तुति की एवं जयघोष से स्वागत किया। इस अवसर पर सकल समाज अध्यक्ष डॉ. पारस जैन,महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती संतोष बांठिया, आंचलिक अध्यक्ष जैन प्रकाश जैन, मंत्री रिषभ चोरडिया, बीजेएस अध्यक्ष विजय लुणावत, प्रशांत बोथरा आदि गणमान्य जनों ने साध्वी श्रीजी का सम्मान करते हुए उनके चरणों में वंदन अर्पित किया। कार्यक्रम की शुरुआत साध्वी श्रीजी के मंगल अनुष्ठान से हुई। मंगला चरण श्रीमती अल्का दुग्गड़ ने गीतिका से किया, तत्पश्चात महिला मंडल की बहनों ने गीतिका गाकर साध्वी मंडल का भावपूर्ण स्वागत किया। करिश्मा बोथरा एवं रवि ने गीतिका प्रस्तुत कर भावों की गहराई प्रकट की एवं श्रीमती उषा जैन ने भी अपनी भावनाएं गीतिका के माध्यम से प्रकट कीं। इस अवसर पर हनुमानगढ़ जंक्शन, धोलीपाल, ढाबा झालार से बड़ी संख्या में श्रावक समाज उपस्थिति रही। धोलीपाल उपसभा से पधारे संयोजक श्री राजकुमार बांठिया ने भी साध्वी श्रीजी के प्रति अपने भाव प्रकट किए। कार्यक्रम उपरांत भोजन की उत्तम व्यवस्था रमेश कुमार बांठिया परिवार द्वारा की गई। अपने प्रवचनों में साध्वी श्री सूरज प्रभा जी,साध्वी डॉ.लावण्ययशा जी एवं साध्वी श्री नैतिकप्रभा जी ने चातुर्मास के चार महीनों में जप, तप, ध्यान और आत्मिक साधना का महत्व बताया और समाज को तपस्या, संयम व नैतिक जीवन की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि धर्म के मार्ग पर चलकर ही मनुष्य मोक्ष की ओर अग्रसर हो सकता है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































