27 अगस्त को मूर्ति स्थापना, 5 सितम्बर को निकलेगी भव्य विसर्जन यात्रा
हनुमानगढ़। स्वर्णकार सभा एवं मराठा मण्डल हनुमानगढ़ टाउन की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला गणेश महोत्सव इस बार भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन पिछले 34 वर्षों से लगातार परंपरागत रूप से टाउन स्थित सोनी मार्केट में किया जा रहा है। सोमवार को भूमि पूजन के साथ इस वर्ष के महोत्सव का शुभारंभ हुआ, जिसमें समाजजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
सभा अध्यक्ष मुरलीधर सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अगस्त को सुबह 12 बजे गणेश जी की प्रतिमा स्थापना की जाएगी। इसके उपरांत शाम को भव्य आरती का आयोजन होगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों को आमंत्रित किया गया है। अध्यक्ष ने कहा कि गणपति उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि 3 सितम्बर को विशाल जागरण का आयोजन होगा, जिसमें कलाकारों द्वारा भक्ति संगीत प्रस्तुत किया जाएगा और श्रद्धालु रातभर गणेश भक्ति में लीन रहेंगे। इसके बाद 5 सितम्बर को शोभायात्रा के रूप में गणपति बप्पा की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। विसर्जन यात्रा में शहरवासियों की बड़ी भागीदारी होने की संभावना है। रंग-बिरंगे झांकियों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों से सजे माहौल में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजेंगे।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सोमवार को भूमि पूजन के अवसर पर अध्यक्ष मुरलीधर सोनी के साथ ओम धुप्पड़, भागीरथ सहदेव, विनोद सहदेव, प्रेम कड़ौल, प्रेम जांगलवा, संजय धुप्पड़, पवन ढल्ला सहित बजरंग मराठा, गंगाराम मराठा, बाडू मराठा, भीम मराठा और जितेंद्र मराठा मौजूद रहे। सभी ने मिलकर आयोजन की सफलता के लिए सहयोग का संकल्प लिया।
समाज के वरिष्ठजनों का कहना है कि गणेश महोत्सव के आयोजन से युवा पीढ़ी में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। वहीं, सामूहिक कार्यक्रमों से समाज में आपसी एकजुटता को भी बल मिलता है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ महोत्सव में भाग लेकर परंपरा को जीवंत बनाए रखें।




































