पाइप लाइन जोड़ने पहुंचा प्रशासन, ग्रामीणों ने किया विरोध

81

– घग्घर नदी से सिंचाई को लेकर करणीसर सहजीपुरा में तनाव, बुजुर्ग बेहोश, कई पर मामला दर्ज
हनुमानगढ़।
 घग्घर नदी के पानी से सिंचाई हेतु पाइप लाइन जोड़ने शुक्रवार को करणीसर सहजीपुरा गांव पहुंचे प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस जाप्ते के साथ जेसीबी मशीन द्वारा पाइप लाइन जोड़ने के लिए खुदाई कार्य शुरू किया गया। विरोध के चलते एक बारगी गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैसे ही खुदाई कार्य प्रारंभ हुआ, तभी गांव के एक गुट के ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध कर रहे ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद डीएसपी मीनाक्षी चौधरी, तहसीलदार हरीश सारण एवं सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
विरोध के दौरान गांव के एक बुजुर्ग ग्रामीण पतराम अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें संभालकर चारपाई पर लिटाया तथा पानी पिलाया। स्थिति सामान्य न होने पर उन्हें वाहन के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद गांव में तनाव और बढ़ गया, हालांकि पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात रहा।
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने विरोध कर रहे ग्रामीणों से समझाइश करते हुए कहा कि वे न्यायालय के आदेश की पालना कर रहे हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को यह भी अवगत कराया कि यदि किसी को पाइप लाइन को लेकर आपत्ति है तो वे सक्षम न्यायालय में अपील कर सकते हैं। साथ ही शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।