– सद्भाव, सेवा और संस्कृति को समर्पित होगा समिति का कार्यक्षेत्र
हनुमानगढ़। क्षेत्र के दस्तकार समाज के प्रबुद्धजनों ने सामाजिक, धार्मिक व सेवा कार्यों को संगठित रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ‘श्री विश्वकर्मा समाज सेवा समिति, हनुमानगढ़ जंक्शन’ का विधिवत गठन कर उसका पंजीकरण भी करवा लिया है। समिति की प्रथम कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया, जिसमें संरक्षक के रूप में गुरदेव सिंह दयोसी, अध्यक्ष सिकन्दर सिंह, उपाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह, सचिव बेगराज खाती और कोषाध्यक्ष कुलवंत सिंह सग्गु को मनोनीत किया गया है। सदस्य पद पर गुरजंट सिंह, सतपाल, विजय कुमार सोनी, जगदीश चन्द्र, विक्रम सिंह एवं विजय कुमार जोडकियां को शामिल किया गया है। समिति के गठन में बलदेव सिंह रामगढ़िया, रणजीत सिंह, आत्मा सिंह तथा एडवोकेट जगतार सिंह का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने विचार, मार्गदर्शन व समन्वय की भूमिका निभाई। समिति द्वारा निर्धारित प्रमुख कार्यों में श्री विश्वकर्मा मंदिर का संचालन, धार्मिक आयोजनों का संयोजन, दस्तकार समाज के युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार हेतु सहयोग, सामाजिक व पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में मदद, जरूरतमंद बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य व विवाह में सहयोग, वृक्षारोपण जैसे पर्यावरणीय कार्यों को बढ़ावा देना शामिल है।
समिति का विशेष ध्यान समाज में एकता, भाईचारे एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन पर केंद्रित रहेगा। उल्लेखनीय है कि इस समिति में सभी धर्मों व जातियों के लोगों को शामिल किया गया है तथा भविष्य में भी सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की नीति अपनाई जाएगी। समिति की वार्षिक सदस्यता शुल्क ₹500 निर्धारित की गई है। कार्यकारिणी का मानना है कि संगठित समाज ही सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बन सकता है। समिति सदस्यगण ने संकल्प लिया कि वे समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। संलग्न चित्रों में नवगठित समिति के सभी पदाधिकारी व सदस्यगण सम्मिलित हैं।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































