गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी में चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी का गुरुपूर्व श्रद्धा व उत्साह से मनाया

344

– सहज पाठ, अरदास व लंगर सेवा में सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल, गुरु की महिमा का किया गुणगान
हनुमानगढ़। स्थानीय गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी में आज चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी का पावन गुरुपूर्व बड़े ही श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल से ही गुरुद्वारे में संगतों का आना शुरू हो गया था। गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और वातावरण ‘सतनाम श्री वाहेगुरु’ के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अगुवाई गुरुद्वारा प्रधान सरदार जरनैल सिंह मुती ने की। सबसे पहले गुरुद्वारा साहिब में चल रहे सहज पाठ के भोग डाले गए। इसके उपरांत नगर की खुशहाली, अमन-चैन और भाईचारे की स्थापना के लिए विशेष अरदास की गई। अरदास में बड़ी संख्या में उपस्थित संगतों ने सिर झुका कर भागीदारी निभाई और गुरु चरणों में नमन किया।
सहज पाठ की सेवा एवं लंगर सेवा का पुण्य परिवार गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार सरदार जरनैल सिंह मुती एवं उनके परिवार द्वारा निभाया गया। उन्होंने पूरी श्रद्धा व सेवा भावना के साथ गुरुद्वारा प्रबंधन में सहयोग किया। कार्यक्रम में कीर्तन जत्थों द्वारा गुरु महिमा का मधुर कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर संगत भावविभोर हो उठी।
गुरुद्वारा साहिब में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और उन्होंने गुरबाणी कीर्तन का रसपान किया। संगतों ने गुरु चरणों में मत्था टेका और प्रसाद ग्रहण किया।
मास्टर सुरेंद्र सिंह ने  कहा कि संगत का प्रेम, एकता और सेवा भावना ही ऐसे आयोजनों की सफलता का आधार है।
कार्यक्रम के अंत में चाय, दूध व मिठाइयों का विशेष लंगर श्रद्धालुओं को वितरित किया गया। संगतों ने सामूहिक रूप से बैठकर प्रेमपूर्वक लंगर ग्रहण किया और गुरु की कृपा का अनुभव किया। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सभी सदस्यों ने सभी सेवादारों एवं उपस्थित संगतों का आभार जताते हुए कहा कि गुरु परंपरा की यह सेवा भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।