– 2 फरवरी को बीकानेर महापड़ाव के समर्थन में हनुमानगढ़ से रवाना होंगी 15 बसें
हनुमानगढ़ । आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को बिश्नोई धर्मशाला, हनुमानगढ़ टाउन में श्री जंभेश्वर प्राणी हितकारी समिति के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान प्रतिनिधि अश्विन पूनिया ने की। बैठक में पश्चिमी राजस्थान में सोलर कंपनियों द्वारा खेजड़ी पेड़ों की हो रही अंधाधुंध कटाई पर गहरी चिंता व्यक्त की गई और इसके खिलाफ बिश्नोई समाज द्वारा चल रहे आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि 2 फरवरी 2026 को बीकानेर में चल रहे महापड़ाव को पूर्ण समर्थन दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से बिश्नोई समाज की परंपरा अनुसार पीले चावल का वितरण किया गया और समाज के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में बीकानेर पहुंचने का आह्वान किया गया। प्रधान प्रतिनिधि अश्विन पूनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि हनुमानगढ़ जिले से बिश्नोई समाज के लोग 15 बसों में सवार होकर सुबह 7:00 बजे बीकानेर के लिए रवाना होंगे तथा सुबह 10:00 बजे महापड़ाव स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक में राज्य वृक्ष खेजड़ी की कटाई पर मात्र ₹1000 का जुर्माना तय किए जाने की बात सामने आई है, जिसे बिश्नोई समाज किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खेजड़ी केवल एक पेड़ नहीं है, बल्कि यह पश्चिमी राजस्थान की संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, पशुपालक जीवनशैली और जैव विविधता का अभिन्न अंग है। खेजड़ी के बिना इस क्षेत्र की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि “पर्यावरण बचाओ, खेजड़ी बचाओ” के नारे के तहत आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। हनुमानगढ़ जिले का संपूर्ण बिश्नोई समाज 2 फरवरी को बीकानेर महापड़ाव में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा। इस अवसर पर बनवारी लाल सहू, हनुमान सिंह भाम्भू, सचिव श्री भगवान गोदारा, कोषाध्यक्ष मुकेश सहारन, रामनारायण गोदारा, हरि सिंह गोदारा, राजेंद्र गोदारा, बुधराम सहारन, हंसराज एईएन, लीलाधर धारणिया, पुनीत कड़वासरा, मनोज गोदारा, रमन पूनिया, अमन गोदारा, मदन पूनिया, सत्यनारायण बावरा, सुल्तान गिलवाले सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पीले चावल बांटकर समाज के लोगों से बीकानेर पहुंचने की अपील करने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































