– नूरपूरा में मनरेगा संग्राम के तहत कांग्रेस की जनसभा आयोजित
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत नूरपूरा में रविवार को मनरेगा संग्राम के तहत कांग्रेस पार्टी की एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर का ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर जोरदार अभिनंदन किया गया। अभिनंदन करने वालों में सुखदेव महान, संतराम महान, संजय लोहिया, रोशन बलानी, राधे लोहिया, अजय लोहिया, राजविंदर गोदारा, सतपाल धालीवाल, कुलदीप बराड़, लेखराम गोदारा एवं हंसराज रिणवां शामिल रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा की तथाकथित “बिना ताज की कठपुतली सरकार” ने आमजन को बुरी तरह त्रस्त कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की अनदेखी और मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने से ग्रामीण जनता में गहरा रोष है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि मनरेगा गरीब और मजदूर वर्ग के लिए जीवनरेखा है, लेकिन भाजपा सरकार इसे लगातार कमजोर कर रही है। काम के दिन घटाए जा रहे हैं, समय पर भुगतान नहीं हो रहा और मजदूरों को रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल योजनाओं के नाम बदलकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है।
जनसभा में उपस्थित ग्रामीणों ने भी सरकार की नीतियों पर खुलकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों की झलक आगामी पंचायत और प्रमुख चुनावों में साफ दिखाई देगी। जनता अब सरकार के झूठे वादों से ऊब चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































