डबलीवास मौलवी चक की मांग मानी, वोट व जनसंख्या यथास्थान रखी गई

138

-प्रशासनिक निर्णय से ग्रामीणों में खुशी, मुख्यालय पहुंचकर जताया आभार, बांटी मिठाइयां
हनुमानगढ़। 
ग्राम पंचायत डबलीवास मौलवी चक IDBL(A) की वोट व जनसंख्या को दूसरे चक में जोड़ने के प्रस्ताव पर उठे विवाद का समाधान करते हुए जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग को स्वीकार कर लिया है। प्रशासन द्वारा नियमों के अनुसार पुनर्गठन करते हुए चक IDBL(A) की समस्त वोट व जनसंख्या को उसी चक में यथावत रखने का निर्णय लिया गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस निर्णय के बाद शुक्रवार को डबलीवास मौलवी के ग्रामीण लवली कम्बोज के नेतृत्व में मुख्यालय पहुंचे और जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और प्रशासनिक निर्णय को न्यायपूर्ण बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यह फैसला पंचायत राज व्यवस्था के नियमों के अनुरूप है और इससे भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक या विकास संबंधी समस्या उत्पन्न नहीं होगी।
ग्रामीण लवली कम्बोज ने बताया कि पूर्व में चक IDBL(A) की कुछ वोट व जनसंख्या को कथित रूप से डबलीवास कुतब में जोड़ने की प्रक्रिया चल रही थी, जो पंचायत राज अधिनियम एवं राज्य सरकार की गाइड लाइन के विरुद्ध थी। इसको लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज करवाई थी और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुनर्गठन की मांग की थी। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए निष्पक्ष जांच की और नियमों के अनुरूप निर्णय लेते हुए ग्रामीणों की मांग को पूरा किया।
ग्रामीणों का कहना है कि चक IDBL(A) एक ही राजस्व चक है और पंचायत राज व्यवस्था के अंतर्गत एक राजस्व चक में एक ही ग्राम पंचायत का प्रावधान है। इसके बावजूद पूर्व में हुई त्रुटियों से ग्रामीणों में असंतोष था। अब प्रशासन द्वारा सभी वोट व जनसंख्या को एक ही चक में समाहित किए जाने से यह असंतोष समाप्त हो गया है। लवली कम्बोज ने कहा कि यह निर्णय केवल प्रशासनिक सुधार नहीं, बल्कि ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने हमेशा नियमों के दायरे में रहकर अपनी बात रखी और प्रशासन ने भी समय रहते सकारात्मक निर्णय लेकर विश्वास को मजबूत किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर व संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और भविष्य में पंचायत स्तर पर किसी प्रकार का भ्रम नहीं रहेगा। मुख्यालय पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन के समर्थन में नारे लगाए और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। लवली कम्बोज ने जिला कलक्टर का धन्यवाद देते हुए मांग की है कि डबली को जनसंख्या के आधार पर नगरपालिका में शामिल किया जाये, ताकि विकास की रफ्तार और तेजी से चल सके। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि आगे भी प्रशासन इसी तरह नियमों के अनुसार निर्णय लेकर आमजन को राहत प्रदान करेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।