नगर परिषद परिसर में शिवालय निर्माण का शिलान्यास, धार्मिक आस्था और सामूहिक सहयोग का बना उदाहरण

91

– वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधायक व आयुक्त ने किया शिलान्यास, 12×12 फुट क्षेत्र में बनेगा भव्य शिवालय
हनुमानगढ़ टाउन स्थित नगर परिषद के मुख्य कार्यालय परिसर में आज धार्मिक आस्था, आपसी सहयोग और सद्भाव का एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से शिवालय निर्माण हेतु विधिवत शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन पूरे विधि-विधान, पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक गणेश राज बंसल एवं नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव रहे। दोनों अतिथियों ने पुरोहितों द्वारा कराए गए मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर शिवालय का शिलान्यास किया। इस दौरान परिसर “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा और उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धा भाव से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सहायक अभियंता सत्यवीर कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से 12 x 12 फुट क्षेत्र में एक भव्य शिवालय का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिवालय में भगवान शिव परिवार की प्रतिमाओं की विधिवत स्थापना की जाएगी, जिससे यह स्थल नगर परिषद कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन के लिए भी आस्था और शांति का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में सहायक अभियंता राकेश इंडलिया, मुख्य स्वच्छता अधिकारी प्रेमलता पुरी, सहायक लेखाधिकारी करणी सिंह, प्रशासनिक अधिकारी तुलसी राम करवा, सुरेंद्र सिंह, कैशियर नवीन मीणा, स्वच्छता निरीक्षक जगदीश सिराव, विक्रम शर्मा, शांति बिस्सू, जीवन सिंह, अभिषेक यादव सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।  सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिवालय निर्माण को नगर परिषद के लिए एक सकारात्मक, प्रेरणादायक और आध्यात्मिक पहल बताया। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह शिवालय भविष्य में न केवल आध्यात्मिक शांति का केंद्र बनेगा, बल्कि आपसी सहयोग, एकता और सद्भाव का भी प्रतीक सिद्ध होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।