नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण 5 अक्टूबर को होगा

116
– नायक समाज की बैठक में तैयारियों पर चर्चा, आयोजन को भव्य बनाने का संकल्प
हनुमानगढ़। नायक सामुदायिक भवन में बने नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण आगामी 5 अक्टूबर को भव्य समारोह के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक गणेश राज बंसल, निवर्तमान सभापति सुमित रणवा, नायक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भंवरलाल नायक, विधायक शिमला नायक, विधायक सोहनलाल नायक सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहेंगे। हॉल के शुभारंभ के साथ ही समाज को एक ऐसा केंद्र उपलब्ध होगा जो भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
उक्त आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को नायक समाज की एक बैठक जिला अध्यक्ष निरंजन नायक की अध्यक्षता में सामुदायिक भवन में संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्साहपूर्वक अपनी जिम्मेदारियां स्वीकार कीं। किसी को अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई तो किसी को मंच व्यवस्था, भोजन, सजावट और आवास आदि का दायित्व दिया गया। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि समाज के युवा वर्ग को भी आयोजन में सक्रिय भूमिका दी जाएगी, ताकि नई पीढ़ी में सामाजिक चेतना और एकता की भावना मजबूत हो।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष निरंजन नायक ने कहा कि यह लोकार्पण समारोह केवल समाज का ही नहीं बल्कि पूरे जिले का गौरव है। उन्होंने कहा कि इस हॉल के निर्माण से समाज के हर वर्ग को सुविधा मिलेगी। भविष्य में इस हाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने आने वाले विद्यार्थियों के लिए निशुल्क आवास और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से समाज की एकजुटता और सहयोग की भावना को नई दिशा मिलेगी।
निरंजन नायक ने कहा कि हॉल का निर्माण समाज के सहयोग और एकजुटता का परिणाम है, और लोकार्पण कार्यक्रम समाज की इस सामूहिक शक्ति का प्रतीक बनेगा। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों से अपील की कि कार्यक्रम को यादगार और अनुकरणीय बनाने के लिए सभी मिलकर अपनी भूमिका निभाएं।
जिला अध्यक्ष निरंजन नायक ने जिले भर से समाज के लोगों को उक्त आयोजन में आमंत्रित किया है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष मनीराम लावा, शेराराम नायक, रामप्रताप नायक, विक्रम चावरिया, नेतराम, मोमन राम, प्रेम दास, राजेन्द्र नायक, राकेश नायक, अरविंद नायक सहित अन्य समाज के लोग मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।