बारिश से गिरी छत, बड़ा हादसा टला

182
वार्ड पार्षद और पूर्व सभापति ने किया मौके का दौरा
हनुमानगढ़। वार्ड नंबर 15 भट्टा कॉलोनी में रविवार देर रात हुई बारिश से एक गरीब विधवा महिला संतरो देवी के घर का पक्का कमरा ढह गया। छत गिरने से मकान को भारी नुकसान हुआ, लेकिन गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, संतरो देवी बीपीएल श्रेणी से जुड़ा गरीब परिवार है। रात करीब 1:00 बजे अचानक तेज बारिश के चलते उनके मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद परिवार दहशत में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद नगीना बाई और पूर्व सभापति सुमित रणवा मौके पर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संतरों देवी और उनके परिवार से मुलाकात कर कुशलक्षेम पूछी तथा ढहे हुए घर का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद नगीना बाई ने बताया कि गरीब विधवा परिवार की छत गिरना बेहद दुखद है। बारिश के मौसम में इस तरह की घटनाएं आम नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी करती हैं। वहीं, पूर्व सभापति सुमित रणवा ने उपखंड अधिकारी से बात कर तुरंत घर का सर्वे करवाने और परिवार को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द प्रभावित परिवार की मदद करनी चाहिए, ताकि वह पुनः अपने घर का निर्माण कर सके और सुरक्षित जीवनयापन कर सके।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।