– हनुमानगढ़ आगमन पर चक ज्वालासिंह वाला में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेता का भव्य स्वागत
हनुमानगढ़। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेता राकेश टिकैत के हनुमानगढ़ आगमन पर गांव चक ज्वालासिंह वाला में किसानों और यूनियन पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पूर्व सरपंच सरदार रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों, किसानों तथा भारतीय किसान यूनियन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से टिकैत का स्वागत किया। इस दौरान किसानों में भारी उत्साह देखने को मिला और किसान एकता के समर्थन में नारे लगाए गए।
स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि वर्तमान सरकारें किसानों को दबाने का काम कर रही हैं, लेकिन भारतीय किसान यूनियन किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को मजबूत करने के लिए देश के किसी भी कोने में जाना पड़े, वे पीछे नहीं हटेंगे। टिकैत ने कहा कि किसान केवल अपनी फसलों का उचित दाम और सम्मानजनक जीवन चाहते हैं, लेकिन नीतियों के माध्यम से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने टिब्बी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह किसानों की एकता की जीत है। किसानों के संगठित संघर्ष के बल पर इस लड़ाई को जीता गया है और किसी भी हालत में फैक्ट्री को स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। टिकैत ने कहा कि जब किसान एकजुट होते हैं, तो बड़ी से बड़ी ताकत को भी पीछे हटना पड़ता है। उन्होंने किसानों से एकता बनाए रखने और किसी भी दबाव में न आने की अपील की।
पूर्व सरपंच सरदार रविन्द्र सिंह ने कहा कि राकेश टिकैत किसानों की आवाज हैं और उन्होंने हमेशा किसानों के हक के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान टिकैत के नेतृत्व में हर अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका, रायसाहब चाहर मल्लड़खेड़ा, मनप्रीत सरां, तलविंदर सरां, नक्षत्र सिंह प्रधान, मनजीत बुट्टर, अनमोल बुट्टर, लखवीर सिंह, राजवीर सिंह, बलविंदर सिंह, इंद्रजीत सिंह, संदीप कंग, जाकिर हुसैन, सद्दाम खान, सुखमहेंदर सिंह, रूप सिंह, भजन सिंह, किकर सिंह, हरजिंदर सिंह, वीरेन्द्र सिंह, जस्सा सिंह, बलवंत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































