– भव्य शोभायात्रा व विसर्जन के साथ 6 सितम्बर को होगा समापन
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित ढिल्लो कॉलोनी में ढिल्लो कॉलोनी सेवा समिति की ओर से तीसरे गणेश महोत्सव का शुभारंभ हर्ष और उल्लास के बीच किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान सभापति सुमित रणवा, निवर्तमान पार्षद सुनीता गुर्जर, देवेंद्र गर्ग, डॉ जितेंद्र अग्रवाल, समाजसेवी सागर गुर्जर, परविंदर सिंह, मान सिंह तंवर, राजकुमार त्यागी, भारत भूषण ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रथम पूज्य गणपति महाराज की मूर्ति स्थापना करवाई। गणेश वंदना और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। समिति सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन वार्डवासियों के सामूहिक सहयोग से हो रहा है तथा इसका उद्देश्य क्षेत्र में सुख-समृद्धि, आपसी एकता और खुशहाली की कामना करना है।
महोत्सव 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन प्रातः और सायंकाल दो समय पूजा व आरती का आयोजन होगा। समिति ने जानकारी दी कि विशेष अवसरों पर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सत्यनारायण कथा, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, लड्डू गोपाल प्रतियोगिता, डांडिया, जागरण और भंडारा शामिल रहेंगे। प्रत्येक दिन अलग-अलग कार्यक्रमों के आयोजन से महोत्सव का आकर्षण और अधिक बढ़ेगा।
ढिल्लो कॉलोनी सेवा समिति ने बताया कि 6 सितम्बर को गणेश महोत्सव का भव्य समापन किया जाएगा। इस दिन हवन-यज्ञ और भंडारे का आयोजन होगा, वहीं सायंकालीन बेला में गणपति बप्पा की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में श्रद्धालुजन ढोल-नगाड़ों की गूंज पर नाचते-झूमते बप्पा को विदा करेंगे। शोभायात्रा के उपरांत गणेश प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में ढिल्लो कॉलोनी के निवासियों का उल्लेखनीय योगदान रहा। सभी ने अपने स्तर पर सहयोग देकर गणेश महोत्सव को एक सामूहिक उत्सव का रूप दिया। आयोजन समिति के अनुसार इस महोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने का भी एक प्रयास है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































