कारगिल विजय दिवस पर एबीएन पब्लिक स्कूल में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

125

-देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बच्चों ने लिया देश सेवा और हरियाली का संकल्प
हनुमानगढ़। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जंक्शन स्थित एबीएन पब्लिक स्कूल में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना था, बल्कि बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी था। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय निदेशक गुरप्रीत सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमारे सैनिकों की असीम बहादुरी, बलिदान और देशभक्ति की मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज के इस दिन हम अपने शहीदों को याद करते हुए यदि एक पौधा भी लगाते हैं, तो यह एक जीवित श्रद्धांजलि बन जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे देश सेवा के साथ-साथ प्रकृति सेवा को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
विद्यालय प्रिंसिपल राजवंत कौर ने कहा कि हमारे सैनिकों ने जिस प्रकार से देश की सीमाओं की रक्षा की, उसी तरह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम प्रकृति की रक्षा करें। उन्होंने बच्चों को बताया कि हर पौधा एक जीवन है, और हमें इसे उसी भाव से संजोकर रखना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संतुलन, स्वच्छ हवा और जलवायु संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रांगण में विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधे रोपे गए। बच्चों ने अपने-अपने नाम के टैग वाले पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
विद्यालय स्टाफ ने भी इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई और सभी ने मिलकर शहीदों के बलिदान को नमन किया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।