अगर आज लोकसभा चुनाव कराए जाएं तो भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता बरकरार रहेगी और बीजेपी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 350 से ज्यादा सीटें जीत सकता है। इंडिया टुडे–सी वोटर के मूड ऑफ द नेशन (MOTN Survey) सर्वे के मुताबिक, जनवरी 2026 में अगर आम चुनाव होते हैं तो NDA को करीब 352 सीटें मिल सकती हैं।
हालांकि यह आंकड़ा 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए पीएम मोदी के “400 पार” के नारे से कम है, लेकिन सर्वे यह साफ दिखाता है कि मतदाताओं का भरोसा अभी भी NDA के साथ बना हुआ है। 2025 में दिल्ली और बिहार में जीत के बाद, 2026 की शुरुआत भी NDA के लिए अच्छी रही, जहां उसने बीएमसी और महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में मजबूत प्रदर्शन किया।
दूसरी ओर, कांग्रेस के नेतृत्व वाला INDIA गठबंधन कमजोर होता दिख रहा है। 2024 में 234 सीटें जीतने वाला यह गठबंधन, अगर आज चुनाव हों तो सिर्फ 182 सीटों तक सिमट सकता है। यह अगस्त 2025 के MOTN सर्वे में अनुमानित 208 सीटों से भी कम है।
यह सर्वे NDA के लिए ऐसे समय में राहत भरा है, जब 2026 में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। खास बात यह है कि बीजेपी अब तक बंगाल, तमिलनाडु और केरल में सत्ता में नहीं रही है, जिससे ये चुनाव पार्टी के लिए अहम माने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाई थी और 240 सीटों पर ही रुक गई थी। सरकार बनाने के लिए उसे जेडीयू और टीडीपी जैसे सहयोगी दलों पर निर्भर रहना पड़ा था। वहीं कांग्रेस ने 99 सीटें जीतकर अपने प्रदर्शन को दोगुना किया था, जिसे राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की वापसी के संकेत के तौर पर देखा गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































