– रामसरा नारायण में वाटर वर्क्स के फिल्टर बंद, टंकी की सफाई व कर्मचारी नियुक्ति की मांग
हनुमानगढ़। गांव रामसरा नारायण के ग्रामीणों ने सोमवार को पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर जिला कलक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में बने वाटर वर्क्स की घोर लापरवाही के चलते उन्हें दूषित व बदबूदार पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे जनस्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत रामसरा नारायण के चक 20 एचएमएच में वाटर वर्क्स का निर्माण किया गया है तथा वहीं पर पानी की टंकी भी बनी हुई है, जिसके माध्यम से पूरे गांव को पीने का पानी सप्लाई किया जाता है। हाल ही में जब ग्रामीणों ने वाटर वर्क्स का निरीक्षण किया तो सामने आया कि मौके पर पानी के फिल्टर पूरी तरह बंद पड़े हैं। इसके चलते बिना शुद्धिकरण के पानी की सप्लाई की जा रही है, जो पीने योग्य नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि टंकी और डिग्गी में पानी बेहद दूषित हो चुका है। पानी में मृत पशुओं के गिरने अथवा अन्य कारणों से हानिकारक दुर्गंध फैल रही है, जिससे पानी पीना तो दूर, इस्तेमाल करना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी पानी का उपयोग पीने, खाना बनाने और अन्य घरेलू कार्यों में किया जा रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के बीमार पड़ने का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































