केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का हनुमानगढ़ में भव्य स्वागत’

89

’- विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने की वंदे भारत ट्रेन व साइकिल-लैन की मांग’
हनुमानगढ़। शहर के पूर्व पार्षद गौरव जैन के निवास पर रविवार को केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर शहर की अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। स्वागत समारोह में मंत्री मेघवाल का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
गौरव जैन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल व वीरा ग्रुप के सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। उपस्थित नागरिकों ने मंत्री के समक्ष शहर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। संडे साइक्लिंग क्लब के सदस्यों ने पुष्पेंद्र सिंह शेखावत व जोधा सिंह भाटी के नेतृत्व में नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए हनुमानगढ़ में साइकिल लेन और वॉकिंग लेन बनवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इससे न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि नागरिकों में स्वास्थ्य जागरूकता भी बढ़ेगी। अग्रवाल समाज समिति से अध्यक्ष सुभाष बंसल, रविदास मन्दिर सेवा समिति से अध्यक्ष रामपाल जाटव व सचिव विजय पाल, रेल समिति से विशु वर्मा, इन्द्रजीत गौतम, राजीव मिश्रा, नवल किशोर ने केन्द्रीय मंत्री का अभिनंदन किया।
इसी दौरान शहर की अन्य सामाजिक संस्थाओं ने हनुमानगढ़ से वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की भी मांग की, ताकि क्षेत्र की रेल सुविधा और कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया जा सके। इस पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने आश्वस्त किया कि वे इस दिशा में गंभीर प्रयास करेंगे और रेल मंत्रालय से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जिले को बेहतर परिवहन व आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना है, जिससे आमजन को सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री मेघवाल ने कहा कि हनुमानगढ़ ऐतिहासिक और औद्योगिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण जिला है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से यहां के विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही विकास योजनाएं जमीन पर उतरती हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।