व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में अपनी जन चेतना सेवा समिति का जागरूकता कार्यक्रम
हनुमानगढ़। राखी के पावन पर्व को एक नई दिशा देते हुए टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में आपणी जन चेतना सेवा समिति की ओर से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वाधान में नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे और बुरी संगत से दूर रहने का संदेश देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष ममता पूनिया ने की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा का प्रतीक है, और इस दिन दिया गया वचन जीवनभर निभाया जाता है। इसलिए इस बार किसी भी भौतिक उपहार की जगह भाइयों से यह संकल्प लिया जाए कि वे नशा मुक्त रहेंगे और बुरी संगत से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह उपहार किसी भी कीमती वस्तु से अधिक मूल्यवान है, क्योंकि यह जीवन और भविष्य को सुरक्षित करता है।
ममता पूनिया ने राखी के इस संदेश को केवल भाइयों तक सीमित न रखते हुए समाज के सभी युवाओं को इसे अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर करती है, बल्कि परिवार और समाज की खुशियों को भी छीन लेती है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य नीलम गौड़, बालिका विद्यालय की प्रिंसिपल संजू गाड़िया, सामाजिक कार्यकर्ता सुमन सुथार, सेवा बाजार से करमजीत और नेहा काठपाल सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































