उत्तराखंड के देहरादून (dehradun cloudburst) में सहस्त्रधारा में सोमवार देर रात बादल फटा है। अबतक 2 लोगों के लापता होने खबर मिली है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा के कारलीगाढ़ क्षेत्र में देर रात हुई तेज बारिश के बाद अफरा-तफरी का माहौल है। यहां अचानक आए तेज बहाव से नदी के किनारे स्थित कई दुकानें बह गईं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश होने की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें तो 21 सितंबर तक प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश होने के आसार हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के मुताबिक मुख्य बाजार में मलबा आने से दो से तीन बड़े होटल और कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कार्डीगाड़ के ग्राम प्रधान राकेश जवाड़ी ने अमर उजाला को बताया कि घटना रात करीब साढ़े 11 बजे की है। कार्डीगाड़ में बादल फटने के बाद मुख्य बाजार में बड़े पैमाने पर मलबा आ गया। इससे दो से तीन बड़े होटल क्षतिग्रस्त हो गए जबकि एक मार्केट में बनीं करीब 7 से 8 दुकानें ध्वस्त हो गईं।
ये भी पढ़ें: क्या ITR फाइल करने की तारीख 30 सितंबर तक बढ़ गई? जानिए नहीं भरने पर कितना लगेगा जुर्माना

टपकेश्वर मंदिर डूबा
देहरादून में तमसा नदी रौद्र रूप में आ गई है। टपकेश्वर मंदिर में शिवलिंग तक डूब गया है। मंदिर परिसर को खाली कराया गया है। उधर, आईटी पार्क के पास भी बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इससे सॉन्ग नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क किया है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा है।
ये भी पढ़ें: Uttarkashi Cloudburst: उत्तरकाशी में बादल फटा, कई लोग लापता, कुछ ही सेकेंड में गांव तबाह, VIDEO
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
यहां दो लोगों के लापता होने की भी सूचना है। SDRF और NDRF की टीमें घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं। घटनास्थल से स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से भी राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने का प्रयास किया गया। फिलहाल लापता व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ‘घरों और सरकारी संपत्तियों को काफी नुकसान हुआ है। जनजीवन प्रभावित है। बहुत सारे संपर्क मार्ग कट गए हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। हमारे सभी विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। PM मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सुबह मुझसे बात की और सारी जानकारी ली। उन्होंने हमें आश्वासन दिया कि हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। हम आपदा में प्रभावित लोगों की हर तरह की सहायता के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं।’
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा के कारलीगाढ़ क्षेत्र में देर रात हुई तेज बारिश के बाद अफरा-तफरी का माहौल है। यहां अचानक आए तेज बहाव से नदी के किनारे स्थित कई दुकानें बह गईं। #Uttarakhand #dehradun #floods #BreakingNews pic.twitter.com/iYkACRYLuk
— Panchdoot (@Panchdoot1) September 16, 2025
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘कल देर रात देहरादून के सहस्त्रधारा में भारी बारिश के कारण कुछ दुकानों के क्षतिग्रस्त होने का दुखद समाचार मिला। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































