PM नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (Vande Bharat Sleeper )को हरी झंडी दिखाई। यह हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच नियमित रूप से चलेगी। खास बात यह है कि यह ट्रेन राजधानी और सुपरफास्ट ट्रेनों की तुलना में कम समय में सफर पूरा करेगी और यात्रियों को लग्जरी के साथ किफायती यात्रा का ऑप्शन देगी।
ट्रेन की अधिकतम स्पीड 180 kmph है। ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 1128 है। इसके 16 कोचों में से 11 एसी-3 टियर कोच, चार एसी-2 टियर कोच और एक फर्स्ट एसी कोच है। स्लीपर ट्रेन के थर्ड एसी का किराया ₹2,300 तय किया गया है। सेकेंड एसी का किराया ₹3,000 होगा। फर्स्ट AC का किराया करीब ₹3,600 है। ट्रेन में कवच सेफ्टी सिस्टम, मॉडर्न टॉयलेट, मॉडर्न पैंट्री के साथ ही आरामदायक कुशनिंग की गई है।

रेल मंत्री ने बताया कि आमतौर पर, गुवाहाटी-हावड़ा रूट पर हवाई किराया ₹6,000 से ₹8,000 के बीच होता है। कभी-कभी ₹10,000 तक भी पहुंच जाता है। वहीं, वंदे भारत स्लीपर में गुवाहाटी से हावड़ा तक थर्ड AC का किराया ₹2,300 रखा गया है।

किन-किन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज
यह ट्रेन हावड़ा और कामाख्या के बीच कई महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें बंडेल, नबद्वीप धाम, कटवा, अजीमगंज, न्यू फरक्का, मालदा टाउन, अलुआबाड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, जलपाईगुड़ी रोड, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू बोंगईगांव और रंगिया रेलवे स्टेशन शामिल हैं। यह रूट न सिर्फ पश्चिम बंगाल बल्कि उत्तर-पूर्व भारत के कई अहम शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी देगा।

हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर का टाइम टेबल
हावड़ा से कामाख्या जाने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (ट्रेन नंबर 27575) गुरुवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिन शाम 6:20 बजे हावड़ा जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 8:20 बजे कामाख्या जंक्शन पहुंचेगी।

वहीं, कामाख्या से हावड़ा चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (ट्रेन नंबर 27576) बुधवार को छोड़कर रोजाना शाम 6:15 बजे कामाख्या जंक्शन से चलेगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































