’- एसआईआर प्रक्रिया का दुरुपयोग कर झूठे प्रपत्र भरने का दावा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग’
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत जण्डावाली में मतदाता सूची को लेकर विवाद सामने आया है। गांव के समस्त ग्रामवासियों की ओर से जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ को उपखंड अधिकारी के मार्फत एक प्रार्थना-पत्र सौंपकर आरोप लगाया गया कि कुछ विशेष लोगों द्वारा निर्वाचन विभाग की एसआईआर प्रक्रिया का दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बूथ संख्या 37 से 45 तक बड़ी संख्या में जायज मतदाताओं के वोट कटवाने के लिए जानबूझकर झूठे प्रपत्र-7 भरकर प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
प्रार्थना-पत्र में बताया गया कि वर्तमान में निर्वाचन विभाग द्वारा एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की जा रही हैं। इसी प्रक्रिया का लाभ उठाकर कुछ असामाजिक तत्व झूठे व भ्रामक प्रपत्र-7 भरकर वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह कार्य समुदाय विशेष के प्रति द्वेष भावना रखते हुए किया जा रहा है तथा इसके लिए सरकारी तंत्र का भी दुरुपयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बूथ संख्या 37 से 45 तक विधानसभा क्षेत्र हनुमानगढ़ में बड़ी संख्या में प्रपत्र-7 बीएलओ को सौंपे गए। इस संबंध में संबंधित बीएलओ द्वारा यह कथन दिया गया कि जिन भी मतदाताओं के नाम कटवाने हेतु प्रपत्र प्राप्त हुए, उनकी भौतिक एवं दस्तावेजी जांच की गई। जांच में सामने आया कि कुछ गांव के लोग जो की जीवित हैं उन्हें मृत घोषित कर उनके वोट काटे जा रहे हैं । प्रस्तुत किए गए अधिकांश प्रपत्र तथ्यहीन एवं झूठे पाए गए हैं, तथा जिन मतदाताओं के नाम कटवाने की मांग की गई, वे वास्तव में गांव में निवासरत एवं पात्र मतदाता हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखते हुए एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत सभी वैध मतदाताओं के नाम यथावत रखे जाएं। साथ ही जिन व्यक्तियों द्वारा जानबूझकर झूठे प्रपत्र भरकर मतदाता सूची से नाम कटवाने का प्रयास किया गया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































