–ग्रामीणों ने बैठक कर लिया निर्णय, नशा बेचने वालों को पुलिस के हवाले किया जाएगा
हनुमानगढ़। जिले के लीलावाली गांव में ग्रामीणों ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में बाबा छोटूनाथ की समाधी पर एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि गांव में नशे का किसी भी प्रकार से प्रवेश बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस पर निगरानी रखने के लिए युवा आगे आएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए ग्रामीण मनदीप सिंह मान लीलावाली ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आकर अपने भविष्य को अंधकारमय कर लेगी। उन्होंने कहा कि गांव में अब हर रोज अलग-अलग युवाओं की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो गांव के माहौल पर नजर रखेंगे।
ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि यदि कोई व्यक्ति गांव में नशे की बिक्री करता हुआ पाया गया तो उसे तुरंत पुलिस के हवाले किया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करवाई जाएगी। बैठक में मौजूद लोगों ने इस बात पर जोर दिया कि नशा बेचने वालों की पहचान होने पर गांव का कोई भी व्यक्ति चुप नहीं बैठेगा।
बैठक में यह भी कहा गया कि नशे से मुक्ति के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। युवा शक्ति को जागरूक कर नशे के खिलाफ अभियान चलाना जरूरी है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि पूरे गांव की एकजुटता बनी रहे तो नशे की प्रवृत्ति को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने पुलिस प्रशासन से भी अपील की कि गांव और आस-पास के क्षेत्रों में नशे की सप्लाई करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने साफ कहा कि वे किसी भी हाल में नशे को पनपने नहीं देंगे और जरूरत पड़ी तो सामूहिक रूप से आंदोलन भी करेंगे।
बैठक में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने गांव को नशा मुक्त बनाने में पूरी ताकत झोंक देंगे और इस दिशा में जागरूकता के साथ कड़े कदम भी उठाएंगे। इस निर्णय के साथ बैठक संपन्न हुई। इस मौके पर विक्रम ज्याणी, राजकुमार सरदिवाल, जगपाल बिलांगा, सोनी बुट्टर, सुभाष बिलांगा, मंगा सिंह, सेवक ग्रेवाल, गुरविंदर सिद्धू, विजय कुमार और कर्नल कुमार मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































