हनुमानगढ़। टाउन स्थित विश्वकर्मा मंदिर समिति द्वारा मंगलवार को विश्वकर्मा पूजा दिवस बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत औजार पूजन एवं हवन यज्ञ के साथ हुई, इस मौके पर समिति के उपप्रधान दर्शन सिंह सग्गू ने बताया इस पूजा में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान से भाग लिया। समिति के सदस्यों ने भगवान विश्वकर्मा से समाज में सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की। हवन के दौरान वातावरण भक्तिमय रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ भगवान विश्वकर्मा की आराधना की।
शोभायात्रा का पुष्पवर्षा व जलपान से किया स्वागत
पूजा-अर्चना के बाद सामाजिक समरसता न्याय मंच द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा जब टिब्बी रोड से गुज़री तो विश्वकर्मा मंदिर समिति के पदाधिकारियों और भक्तों ने पुष्प वर्षा कर तथा ठंडे पानी की बोतलें वितरित कर यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। साथ ही सभी को मिठाई भी खिलाई गई। इस अवसर पर समिति के प्रधान साधुराम जांगिड़, उप प्रधान दर्शन सिंह सग्गू, बलदेव दास, बलवंत सग्गू, सुखमंदर सिंह, जसपाल सिंह सग्गू और बृजलाल वर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों ने आपसी भाईचारे और समाज में सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































