नई खुंजा में फैक्ट्रियों की राख से त्रस्त वार्डवासी

153

– समाधान न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी, अमरस्थान धाम में बैठक कर जताया आक्रोश
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड संख्या दो स्थित नई खुंजा क्षेत्र के निवासी औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित फैक्ट्रियों से उड़कर घरों में पहुंच रही काली राख के कारण गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बीते कई महीनों से लगातार बढ़ रही इस समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति इस हद तक पहुंच चुकी है कि घरों की दीवारें, आंगन और खुले में सुखाए गए कपड़े राख की मोटी परत से काले हो जाते हैं। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी बढ़ रही हैं, विशेषकर दमा एवं सांस संबंधी रोगियों के लिए यह वातावरण बेहद कष्टदायी साबित हो रहा है।
समस्या के समाधान नहीं होने के चलते शुक्रवार को वार्डवासी नई खुंजा स्थित अमरस्थान धाम परिसर में एकत्रित हुए और सामूहिक विरोध दर्ज करवाया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इलाके में फैली वायु प्रदूषण की समस्या को वर्षों से अनदेखा किया जा रहा है जबकि स्थिति दिन प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है।
स्थानीय निवासी रामदित्ता नेतला ने कहा कि फैक्ट्रियों से उड़ने वाली राख की शिकायत कई बार संबंधित विभागों को भेजी जा चुकी है। जिला कलेक्टर सहित विभिन्न अधिकारियों को लिखित में अवगत कराने के बावजूद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों को उम्मीद थी कि प्रशासन हस्तक्षेप कर समाधान निकालेगा, लेकिन उदासीनता के कारण परेशानी और बढ़ गई है।
नेतला ने कहा कि शहरी आबादी के बीच औद्योगिक क्षेत्र का संचालन जनजीवन और स्वास्थ्य के लिए खतरा बन चुका है, इसलिए औद्योगिक इकाइयों को शहरी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन जल्द निर्णय नहीं लेते एवं प्रदूषण रोकने हेतु तत्काल प्रभावी उपाय नहीं किए जाते तो वार्डवासी आंदोलन की राह अपनाने को बाध्य होंगे।
बैठक में मौजूद लोगों ने तय किया कि आने वाले दिनों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर समस्या के समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा। वार्डवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि क्षेत्र में सांस लेने लायक वातावरण बहाल करने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं, अन्यथा विरोध को और तेज किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।