जरूरतमंद परिवारों के 119 बच्चों को गर्म जर्सी, जूते व जुराबें वितरित

136
हनुमानगढ़। सर्द मौसम में जरूरतमंद बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पार्वती देवी रामकिशन झंवर फाउंडेशन व बीबोम मीडिया प्राईवेट लिमटेड़ की ओर से हाउसिंग बोर्ड स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में गर्म वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के 119 बच्चों को गर्म जर्सी, गर्म जूते व जुराबें वितरित की गईं। बच्चों के चेहरों पर गर्म कपड़े पाकर खुशी साफ नजर आई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल एवं निवर्तमान सभापति सुमित रणवां रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के संस्थापक श्यामसुंदर झंवर ने की। अतिथियों का विद्यालय प्रशासन एवं फाउंडेशन पदाधिकारियों की ओर से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों की सहायता करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है, ताकि वे बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें। इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं।
निवर्तमान सभापति सुमित रणवां ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में गर्म वस्त्र जरूरतमंद बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होते। उन्होंने कहा कि सेवा भाव से किए गए कार्य ही समाज को मजबूत बनाते हैं और जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाते हैं।
फाउंडेशन के संस्थापक श्यामसुंदर झंवर ने अपने उद्बोधन में कहा कि पार्वती देवी रामकिशन झंवर फाउंडेशन सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्य जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को एक-एक कर मंच पर बुलाकर गर्म जर्सी, जूते एवं जुराबें प्रदान की गईं। बच्चों ने अतिथियों एवं फाउंडेशन का आभार जताया। विद्यालय प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।