हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पानी निकासी बनी बड़ी समस्या

246

– 300 घरों में घुसा पानी, कॉलोनीवासियों ने नगरपरिषद से जल्द समाधान की मांग की
हनुमानगढ़। हाउसिंग बोर्ड विकास समिति के बैनर तले हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, हनुमानगढ़ जंक्शन के सैक्टर 1, 2 और 3 में रहने वाले नागरिकों ने पानी निकासी की गंभीर समस्या को लेकर नगरपरिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। पार्षद प्रतिनिधि सौरभ शर्मा ने बताया कि बरसात के दिनों में जलभराव एक विकराल समस्या बन चुका है और हालिया बारिश में लगभग 300 घरों में पानी घुस गया, जिससे भारी नुकसान हुआ।
कॉलोनी में करीब 800 परिवार निवास करते हैं, लेकिन बारिश के समय पानी की उचित निकासी न होने के कारण कई घरों में पानी भर जाता है। नागरिकों का आरोप है कि कॉलोनी के पास से गुजरने वाली नई खुब्जा का पानी हाउसिंग बोर्ड होते हुए मुख्य नाले में जाता है, लेकिन पूर्व में स्वीकृत नाला निर्माण कार्य—जैसे कि गंगानगर बाईपास नई खुब्जा से गंगानगर रोड तक, सामुदायिक केंद्र से गंगानगर रोड तक, और शिवकुटिया से गंगानगर रोड तक—राजनीतिक दबाव और प्रभावशाली लोगों के हस्तक्षेप के कारण रोक दिए गए।
हाउसिंग बोर्ड विकास समिति ने पहले भी नगरपरिषद और जिला प्रशासन को इस समस्या से अवगत करवाया था, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समिति की मांग है कि उपरोक्त तीनों स्थानों पर नाले का निर्माण कार्य तुरंत शुरू करवाया जाए ताकि जलभराव से राहत मिल सके। साथ ही, कॉलोनी में कम से कम दो स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएं जिससे वर्षा जल का उचित प्रबंधन हो सके और समस्या स्थायी रूप से सुलझ सके।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो हाउसिंग बोर्ड विकास समिति और क्षेत्रवासी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपरिषद प्रशासन की होगी।
कॉलोनीवासियों की यह मांग स्थानीय प्रशासन के लिए चेतावनी है कि यदि अब भी गंभीरता नहीं दिखाई गई, तो आने वाले समय में हालात और भी विकट हो सकते हैं।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।