– रेलवे कॉलोनी स्थित विद्यालय में अध्ययन सामग्री वितरण कर बच्चों को दिया सुरक्षा व संस्कारों का संदेश
हनुमानगढ़। महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति द्वारा बसंत पंचमी के पावन अवसर पर हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में सरस्वती पूजन एवं अध्ययन सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ज्ञान, शिक्षा और संस्कारों के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों को नई ऊर्जा व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बाल कल्याण अधिकारी जितेंद्र गोयल, महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति की अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की जिला अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल, विद्यालय की प्रिंसिपल योजनारानी तथा समिति के सभी कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा बच्चों के साथ विधिवत सरस्वती पूजन कर किया गया। इसके पश्चात समिति द्वारा विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि बाल कल्याण अधिकारी जितेंद्र गोयल ने बच्चों को संबोधित करते हुए बसंत पंचमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे निडर होकर रहें और किसी भी प्रकार की प्रताड़ना या शोषण को सहन न करें। ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत बाल कल्याण विभाग या विश्वसनीय व्यक्तियों को जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वासी बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बाल कल्याण अधिकारी ने महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की खुले मन से सराहना की और इसे एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक प्रयास बताया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति से जुड़कर सामाजिक कार्यों में सहयोग करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































