साइबर सुरक्षा के प्रति महिलाओं को किया जागरूक, आरसेटी हनुमानगढ़ में चला जागरूकता कार्यक्रम

153

हनुमानगढ़। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधीनस्थ एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हनुमानगढ़ में चल रहे वूमेन्स टेलर प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में साइबर पुलिस थाना हनुमानगढ़ से आए विशेषज्ञों ने महिलाओं को डिजिटल दुनिया में होने वाले साइबर फ्रॉड और उनसे बचाव के तरीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरसेटी के निदेशक बिधु शंकर ने की। साइबर थाना हनुमानगढ़ से सीआई राकेश कुमार, प्रोग्रामर रिंकल गर्ग और चिरंजीलाल शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
सीआई राकेश कुमार ने बताया कि आजकल साइबर अपराधी तकनीक का दुरुपयोग कर आमजन को ठगने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कुछ ठग पुलिस की वर्दी पहनकर या फिर वर्दी में प्रोफाइल फोटो लगाकर लोगों को डराने-धमकाने और ठगने का प्रयास करते हैं। उन्होंने महिलाओं को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर विश्वास न करें और ऐसे मामलों में तुरंत नजदीकी साइबर थाना या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।
प्रोग्रामर रिंकल गर्ग ने डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया पर ठगी के तरीके, ईमेल फ्रॉड, पासवर्ड सुरक्षा, ओटीपी शेयरिंग जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साईबर ठग अकसर सोशल इंजीनियरिंग के जरिए लोगों की व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर ठगी करते हैं, इसलिए सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
चिरंजीलाल शर्मा ने बताया कि महिलाएं डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय अगर थोड़ी सी सावधानी बरतें, तो वे खुद को साइबर अपराधों से सुरक्षित रख सकती हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को जागरूक नागरिक बनने और दूसरों को भी सतर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में आरसेटी निदेशक बिधु शंकर ने साइबर सुरक्षा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण सत्र ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सजग नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास हैं। इस मौके पर संस्थान अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनुदेशक अनिल सिंह राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम, रितिक अरोड़ा, प्रशिक्षिका मनप्रीत कौर, सूरज, विकास व अन्य सदस्य मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।