-अपराधियों की गिरफ्तारी, फास्टट्रैक ट्रायल व एक करोड़ मुआवजे की उठाई मांग
हनुमानगढ़। कार्यालय कामगार समाज, हनुमानगढ़ (राज.) की ओर से मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को ज्ञापन प्रेषित कर रणजीतपुरा (बीकानेर) में 13 वर्षीय बालिका वसुंधरा सैन के साथ दुष्कर्म कर निर्मम हत्या के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में बताया गया कि रणजीतपुरा गांव, जो बज्जू थाना क्षेत्र में आता है, वहां की बालिका 21 फरवरी को आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में उसका शव रोही क्षेत्र में अर्धनग्न अवस्था में मिला। घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
कामगार समाज ने कहा कि इस जघन्य वारदात से समूचा मानव समाज एवं सैन समाज आहत है। घटना के विरोध में बज्जू क्षेत्र में दो दिनों से धरना-प्रदर्शन जारी है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा फास्टट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए। इसके अलावा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, डेयरी बूथ आवंटित करने तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तुरंत प्रदान करने की मांग की गई है। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को और अधिक चाक-चौबंद करने पर जोर दिया गया है। कामगार समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































