– जिला स्तर पर बनी रणनीति, मंडल व बूथ स्तर पर होंगे देशभक्ति कार्यक्रम
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला हनुमानगढ़ की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और हर घर तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रमोद डेलू ने की। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा रहे, जबकि मंच पर जिला संगठन प्रभारी अखिलेश प्रताप सिंह, हर घर तिरंगा अभियान के जिला संयोजक आशीष पारीक, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, भाजपा नेता प्रदीप बेनीवाल, हरीमोहन महर्षि, देवेन्द्र पारीक, भाजपा प्रत्याशी अमित सहू, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची और किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामसिंह बराड़ मौजूद रहे।
बैठक में आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदारियों के बंटवारे और जनभागीदारी को बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र के गौरव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 11 और 12 अगस्त को जिले के सभी मंडलों में तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसके साथ ही 13 और 14 अगस्त को बूथ स्तर पर घर-घर जाकर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा लहराना देश के प्रति हमारी निष्ठा और एकजुटता का परिचायक है।
मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जगाने का अभियान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाएं और लोगों को जोड़े। उन्होंने ‘विभाजन विभीषिका’ स्मृति दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त, 1947 को हुए भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी में लाखों लोग विस्थापित हुए, लाखों ने अपनी जान गंवाई। यह दिन हमें उन पीड़ितों की स्मृति में एकजुट होकर खड़े होने का अवसर देता है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































