युथ वीरांगनाओं ने जरूरतमंद बच्चों संग मनाया नववर्ष

113

– सेवा, संवेदना और सशक्तिकरण का बना प्रेरक उदाहरण
हनुमानगढ़ टाऊन के प्रेम नगर क्षेत्र में युथ वीरांगनाओं द्वारा नववर्ष का उत्सव जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाकर समाजसेवा की एक मिसाल पेश की गई। इस अवसर पर टीम की ओर से बच्चों के साथ केक काटकर नववर्ष की खुशियां साझा की गईं तथा ठंड को देखते हुए उन्हें गर्म जर्सी एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। आयोजन का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उन्हें अपनापन महसूस कराना रहा। युथ वीरांगना रजनी ने बताया कि उनकी टीम प्रतिवर्ष नववर्ष जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाती है। इसके साथ ही बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर पाठ्य सामग्री भी वितरित की जाती है। उन्होंने कहा कि टीम का प्रयास रहता है कि समाज का कोई भी बच्चा अभाव के कारण खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें आगे बढ़ने और पढ़ाई में मन लगाने के लिए प्रेरित किया गया। रजनी ने बताया कि युथ वीरांगनाएं समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा ऑनलाइन सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं घर बैठे ही नई तकनीकें और हुनर सीख सकें। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से कई महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार पा रही हैं। युथ वीरांगनाओं का योगदान केवल शिक्षा और रोजगार तक सीमित नहीं है। टीम जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करती है तथा बीमार और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराती है। स्वास्थ्य जांच, दवाइयों की व्यवस्था और आवश्यक सहयोग उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस कार्यक्रम में टीम सदस्य कंचन, सोमा, मीनाक्षी, ऐश्ना, सरोज, भावना, यशु, रजनी सहित अन्य वीरांगनाएं उपस्थित रहीं। सभी ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता रही। युथ वीरांगनाओं ने कहा कि यह नववर्ष उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। इस प्रकार की पहलें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करती हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।