हनुमानगढ़। गांव पंडितावाली की कच्ची बस्ती में अब शिक्षा की नई किरण फूटी है। युवा परिवार वैलफेयर सोसायटी ने यहां 20 निर्धन परिवारों के बच्चों को गोद लेकर उनके भविष्य को संवारे जाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संस्था ने रविवार को हरिओम कॉलोनी में इन बच्चों के लिए निशुल्क कक्षाओं की शुरुआत की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्था के संस्थापक विक्रमसिंह रामगढिया, बाबा सुरेन्द्र सिंह, गोविन्द स्वामी एवं भगवानाराम ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर विधिवत किया। इस अवसर पर स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सोसायटी द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य उन बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना है जो सामाजिक और आर्थिक कारणों से विद्यालय नहीं जा पा रहे थे।
संस्था की सदस्याओं मैडम मोनिका व मैडम पार्वती ने बताया कि वे इन कक्षाओं में स्वयं अध्यापन कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से साक्षरता, गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही नैतिक शिक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी।
संस्था संस्थापक विक्रमसिंह रामगढिया ने बताया कि युवा परिवार वैलफेयर सोसायटी ने पहले चरण में पंडितावाली क्षेत्र के 20 परिवारों के बच्चों को गोद लिया है, जबकि आगे आने वाले महीनों में आसपास की अन्य बस्तियों के बच्चों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है, और जब तक गांव का हर बच्चा शिक्षित नहीं होगा, तब तक समाज का विकास अधूरा रहेगा।
ज्ञात रहे कि हरिओम कॉलोनी और उसके आस-पास लगभग 15 किलोमीटर के क्षेत्र में कोई भी राजकीय विद्यालय नहीं है। इस वजह से यहां के बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाते थे। संस्था के इस कदम से अब इन बच्चों के जीवन में नई उम्मीद जगी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































