तीसरे पैरा नैशनल कबड्डी टूर्नामेंट 2025 के लिए राजस्थान टीम का चयन

182

– राजस्थान के 9 जिलों के 14 खिलाड़ी अंतिम सूची में, 5 से 17 दिसंबर तक विशेष ट्रेनिंग कैम्प
हनुमानगढ़।तीसरे पैरा नैशनल कबड्डी टूर्नामेंट 2025 के लिए राजस्थान टीम के चयन हेतु आयोजित ट्रायल्स किशनगढ़ में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। चयन समिति की सचिव संदीप कौर ने बताया कि 2 नवंबर को आयोजित इन ट्रायल्स में प्रदेशभर से लगभग 40 पैरा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ट्रायल्स को अनुभवी कोचों और रैफरी की देखरेख में पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित किया गया। आयोजन के दौरान राही सोशल वेलफेयर सोसाइटी, हनुमानगढ़ ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। संस्था ने आगामी ट्रेनिंग कैंप में भी सहयोग देने की घोषणा की है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
चयनित टीम में राजस्थान के 9 जिलों से 14 खिलाड़ियों को अंतिम रूप से शामिल किया गया है। टीम की कमान जयपुर के दीपचंद को सौंपी गई है, जिन्हें कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी श्रीगंगानगर के लोकराम संभालेंगे। टीम में जयपुर के रामावतार गुर्जर, अजमेर के रामस्वरूप जाट, नासिर खान और शाहिद अली, उदयपुर के मनीष चौहान, भरतपुर के लखन सिंह, नागौर के नरेंद्र धुंधवाल, बाड़मेर के भीयाराम तथा हनुमानगढ़ के गुरप्रीत और चेतराम शामिल हैं। अतिरिक्त खिलाड़ियों के रूप में अजमेर के रियाज और ब्यावर के नरेंद्र को चयनित किया गया है, जो टीम की मजबूती को और बढ़ाएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार सभी चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष ट्रेनिंग कैंप का आयोजन 5 दिसंबर से 17 दिसंबर तक किया जाएगा। इस कैंप में कोच सुनील कुमार खिलाड़ियों की तकनीक को निखारने, स्टैमिना बढ़ाने और रणनीतिक तैयारी पर विशेष ध्यान देंगे। ट्रेनिंग कैंप में भी राही सोशल वेलफेयर सोसाइटी का सहयोग जारी रहेगा, जिससे खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध हो सके।
बीते वर्ष भी नैशनल ट्रेनिंग कैंप के दौरान राजस्थान टीम को एडवोकेट शंकर सोनी, डॉ. एम.पी. शर्मा एवं जयपुर के अजीत द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ था। उनके सहयोग से तैयार की गई टीम ने पिछले वर्ष आयोजित पैरा कबड्डी नैशनल खेलों में सिल्वर मेडल जीतकर हनुमानगढ़ एवं पूरे राजस्थान का नाम गौरवान्वित किया था। इस उपलब्धि ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के उत्साह को और बढ़ाया है।
तीसरे पैरा नैशनल कबड्डी टूर्नामेंट 2025 का आयोजन 20 दिसंबर से विशाखापट्टनम में किया जाएगा, जिसमें राजस्थान टीम भी अपना जौहर दिखाएगी। टीम के साथ अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरालंपियन जगसीर सिंह टीम ऑफिशियल के रूप में तथा योगेश कुमावत टीम मैनेजर के रूप में शामिल होंगे। इनके अनुभव और मार्गदर्शन से टीम को उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है। राजस्थान की यह चयनित टीम प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन की आशाएं जगाती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।