हनुमानगढ़। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में टाउन और जंक्शन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में भव्य समागम का आयोजन किया गया। इस पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और श्रद्धा भाव से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चरणों में शीश नवाकर मन्नतें मांगी।
समागम की शुरुआत श्री अखंड पाठों के भोग के साथ हुई। जंक्शन में और टाउन में भोग डलवाए और सरबत के भले की अरदास की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
टाउन और जंक्शन दोनों स्थानों पर रागी ढाढ़ी जत्था और कथावाचक ने शबद कीर्तन और कथा की प्रस्तुतियों से संगत को निहाल किया। उन्होंने “वाहे गुरु जी दा खालसा, वाहे गुरु जी दी फतेह”, “वाहो-वाहो गुरु गोबिंद सिंह, आपै गुरु चेला” और “सवा लाख से एक लड़ाऊ, ता मैं गुरु गोबिंद सिंह नाम कहाऊं” जैसे प्रेरणादायक वाणियों के माध्यम से श्रद्धालुओं के दिलों में गुरु जी के महान आदर्शों को जीवंत किया।
समागम के दौरान श्रद्धालु गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन और उनके बलिदानों की शिक्षाओं को आत्मसात करते दिखे। श्रद्धालुओं ने शबद-कीर्तन में हिस्सा लिया और गुरु की वाणी सुनकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में गुरुद्वारा प्रधान नक्षत्र सिंह ज्वालासिंह वाला ने समस्त श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने संगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से यह समागम सफल और यादगार बना।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































