– जगतगुरु डॉ. राजेंद्रदास देवाचार्य का जंक्शन गौशाला में भव्य स्वागत
हनुमानगढ़। डॉ. राजेंद्रदास देवाचार्य का बुधवार को जंक्शन स्थित गौशाला सेवा समिति परिसर में आगमन हुआ, जहां अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। भक्तों ने महाराज जी को फूल-मालाएं पहनाईं तथा मार्ग में पुष्प बिछाकर श्रद्धा व्यक्त की। गौशाला परिसर में उनके पहुंचते ही वातावरण भक्तिमय हो उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी जी ने सर्वप्रथम गौमाता के विभिन्न पवित्र नाम कामधेनु, कपिला, सुरभि, गौमती, नंदनी और सर्वसहा का उच्चारण करवाया। उन्होंने कहा कि गौमाता कलयुग की प्रकट देव हैं और भारतीय संस्कृति में उनका विशेष स्थान है। उन्होंने श्रद्धालुओं को देसी गौमाता के दूध, घी एवं उससे निर्मित मिष्ठान के उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य और आध्यात्मिक ऊर्जा दोनों की प्राप्ति होती है।
गौशाला भ्रमण के दौरान स्वामी जी ने वहां की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि गौशाला प्रांगण में सकारात्मकता का विशेष संचार है। यहां का वातावरण मन को शांति प्रदान करता है। उन्होंने राधा-कृष्ण के स्वरूप को अत्यंत मनोहारी बताते हुए कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों पर आकर मनुष्य को आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। गौशाला सेवा एवं प्रबंधन की उन्होंने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
अपने संबोधन में स्वामी जी ने कहा कि जिस प्रकार मोबाइल फोन की बैटरी समय-समय पर डिस्चार्ज हो जाती है और उसे पुनः चार्ज करना पड़ता है, उसी प्रकार व्यस्त जीवनशैली में मनुष्य भी मानसिक रूप से थक जाता है। भटकाव की स्थिति में उसे आध्यात्मिक ऊर्जा की आवश्यकता होती है, जो सत्संग से प्राप्त होती है। सत्संग मनुष्य को जीवन जीने का सही मार्ग दिखाता है और आंतरिक शक्ति प्रदान करता है।
अल्प समय में ही गौशाला परिसर में भक्तों का तांता लग गया। गौशाला सेवा समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने स्वामी जी को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर बीरबल जिंदल, गौपाल जिंदल, शिवभगवान ढुढाणी, मुनीश बत्तरा, बब्बी भठेवाला, लवली चावला, मुकेश महर्षि, सौरभ जिंदल, कानचंद गोयल, महावीर जांगिड़, सुभाष बंसल एवं राजेंद्र चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































