किसने किया ये जानलेवा चमत्कार? मीरा-भायंदर फ्लाईओवर के डिजाइन पर मचा बवाल, देखें VIDEO

219

ठाणे के मीरा-भायंदर (Mira-Bhayandar flyover) में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए बनाया गया नया फ्लाईओवर अब सोशल मीडिया पर मज़ाक और बहस का कारण बन गया है। फ्लाईओवर के अजीब डिज़ाइन को लेकर लोग प्रशासनिक योजना पर सवाल उठा रहे हैं। मीरा रोड को भायंदर से जोड़ने वाले इस फ्लाईओवर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फ्लाईओवर की शुरुआत चार लेन चौड़ी सड़क से होती है, लेकिन बीच में पहुंचते ही यह अचानक सिकुड़कर दो लेन में बदल जाती है।

आमतौर पर फ्लाईओवर तेज और सुगम यातायात के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन इस फ्लाईओवर का डिज़ाइन उल्टा असर डालता नजर आ रहा है। चार लेन से आ रही तेज रफ्तार गाड़ियां जब अचानक दो लेन में सिमटती हैं, तो वहां भारी जाम लग रहा है और हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।

सोशल मीडिया पर नाराज़गी
स्थानीय नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस प्रोजेक्ट पर जमकर तंज कसे हैं। कोई इसे “जीरो प्लानिंग” बता रहा है, तो कोई इसे व्यंग्य में “इंजीनियरिंग का अजूबा” कह रहा है। कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसी योजना को मंजूरी कैसे मिली।

कांग्रेस ने उड़ाया मजाक
पोस्ट में सरकार पर तंज कसते हुए कहा गया है कि महाराष्ट्र में इंजीनियरिंग का ‘चमत्कार’। एक फोर लेन ब्रिज अचानक से दो लेन में बदल गया। महाराष्ट्र हो या मध्य प्रदेश- बीजेपी सरकार में ऐसे जानलेवा ‘चमत्कार’ आम हो चुके हैं। जनता परेशान हो या हादसों में जान गंवाए, सरकार को रत्ती भर फर्क नहीं पड़ रहा। न जिम्मेदारी और न जवाबदेही।

कब सामने आया मामला?
यह मामला तब सामने आया जब जेम्स ऑफ मीरा भायंदर X (पहले ट्विटर) अकाउंट की एक पोस्ट वायरल हुई। इसमें सवाल उठाया गया कि क्या मेट्रो लाइन 9 प्रोजेक्ट का हिस्सा यह डबल-डेकर फ्लाईओवर ट्रैफिक जाम को कम करने के बजाय और बढ़ा देगा। पोस्ट में दावा किया गया कि चार लेन का फ्लाईओवर अचानक दो लेन में बदल जाता है, जिससे तेजी से बढ़ते उपनगरीय इलाके में इंफ्रास्ट्रक्चर डिज़ाइन और अप्रूवल प्रोसेस पर बड़ी बहस छिड़ गई।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

MMRDA ने दी सफाई
MMRDA ने अपनी सफाई में कहा कि लेन का यह बदलाव एक सोची-समझी इंजीनियरिंग का फैसला है। यह फैसला उपलब्ध जगह और भविष्य में नेटवर्क को बढ़ाने की योजना को ध्यान में रखकर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर को भयंदर ईस्ट के लिए दो लेन के साथ डिजाइन किया गया है। वहीं भविष्य में वेस्टर्न रेलवे लाइन के पार एक और एक्सटेंशन के हिस्से के तौर पर भयंदर वेस्ट की ओर अतिरिक्त दो लेन के लिए जगह छोड़ी गई है।

भायंदर ईस्ट के हिस्से पर क्या कहा?

अथॉरिटी ने बताया कि चूंकि भायंदर ईस्ट की ओर जाने वाला हिस्सा पहले आता है, इसलिए मौजूदा चार लेन वाला कॉन्फ़िगरेशन दो लेन में बदल जाता है। बाकी बाहरी लेन को बाद के चरण में जोड़ा जाएगा। गोल्डन नेस्ट सर्कल तक, जो एक बड़ा जंक्शन है जहां पांच मुख्य सड़कें मिलती हैं, मेट्रो कॉरिडोर के साथ 2+2 लेन वाला फ्लाईओवर बनाया गया है। ट्रैफिक को आसानी से निकालने के लिए दोनों तरफ स्लिप रोड भी हैं। जंक्शन के आगे, भयंदर ईस्ट की ओर, डेवलपमेंट प्लान के अनुसार सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इसलिए, रेलवे फाटक रोड की ओर निर्बाध आवाजाही के लिए बीच में 1+1 लेन वाला फ्लाईओवर और ऊपर-नीचे जाने वाले रैंप बनाए गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।