क्या आपने कभी यह सोचा है कि आपके घर के गमले में लगा पौधा भी सांस लेता है? फर्क बस इतना है कि इंसानों की तरह उसकी सांस हमें दिखाई नहीं देती। लेकिन अब विज्ञान ने इस अदृश्य प्रक्रिया को भी हमारी आंखों के सामने ला दिया है।
अमेरिका की इलिनॉय यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक खास तकनीक विकसित की है, जिससे पौधों के सांस लेने की प्रक्रिया को पहली बार लाइव (plants breathing) देखा और रिकॉर्ड किया गया है। इस खोज का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस खास डिवाइस को “Stomata In Sight” नाम दिया गया है। इसकी मदद से वैज्ञानिकों ने पत्तियों में मौजूद बेहद छोटे छिद्रों को खुलते और बंद होते हुए देखा। ये छिद्र इतने सूक्ष्म होते हैं कि आम आंखों से दिखाई नहीं देते। वीडियो में साफ नजर आता है कि रोशनी पड़ते ही ये छिद्र खुल जाते हैं और अंधेरा होते ही बंद हो जाते हैं। इन्हीं के जरिए पौधे गैसों का आदान-प्रदान करते हैं, यानी सांस लेते हैं।

क्यों अहम है यह खोज?
इस शोध से जुड़े वैज्ञानिक एंड्रयू लीकी के मुताबिक, यह सिर्फ एक रोचक वीडियो नहीं है, बल्कि खेती के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकता है। अब यह समझना आसान होगा कि ज्यादा गर्मी या सूखे की स्थिति में पौधे कैसे प्रतिक्रिया करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस तकनीक के जरिए भविष्य में ऐसे बीज विकसित किए जा सकते हैं, जो कम पानी में भी अच्छी फसल दे सकें और तेज गर्मी को सहन कर सकें।
यह रिसर्च प्रतिष्ठित वैज्ञानिक जर्नल ‘Plant Physiology’ में प्रकाशित हुई है और विशेषज्ञ इसे भविष्य की खेती के लिए एक बड़ा कदम मान रहे हैं। फिलहाल, पौधों की इस अनदेखी दुनिया को दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर रहा है।
इस खोज का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आने वाले समय में किसान ऐसी फसलें उगा सकेंगे, जो पानी की कमी और बढ़ते तापमान के बावजूद खराब न हों।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































