चीन में इन दिनों एक अनोखा iPhone ऐप तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसका नाम है ‘Sileme’, जिसे अंग्रेज़ी में ‘Are You Dead?’ कहा जा रहा है। नाम भले ही चौंकाने वाला लगे, लेकिन ऐप का मकसद काफी सीधा और उपयोगी है। अगर कोई यूजर दो दिन तक ऐप पर चेक-इन नहीं करता, तो यह उसके करीबी लोगों को अलर्ट भेज देता है कि वह व्यक्ति मुश्किल में हो सकता है। यह ऐप इतनी तेजी से वायरल हुआ है कि फिलहाल Apple App Store पर नंबर-1 पेड ऐप बन चुका है।
क्या है ‘Are You Dead?’ ऐप
‘Are You Dead?’ खासतौर पर अकेले रहने वाले लोगों के लिए बनाया गया एक सेफ्टी ऐप है। इसे मई 2025 में लॉन्च किया गया था। ऐप का इंटरफेस काफी सिंपल है—इसमें एक बड़ा सा ग्रीन बटन होता है, जिसे यूजर को समय-समय पर टैप करना होता है।
अगर यूजर लगातार दो दिन तक चेक-इन नहीं करता, तो ऐप अपने आप उस व्यक्ति के तय किए गए इमरजेंसी कॉन्टैक्ट को नोटिफिकेशन भेज देता है। यह ऐप फ्री नहीं है। इसकी कीमत 8 युआन (करीब ₹103) है। कंपनी के मुताबिक, अब तक इसके 12,400 से ज्यादा यूजर्स हैं।

किन लोगों के लिए है यह ऐप
Are You Dead? खुद को उन लोगों के लिए एक “सुरक्षा साथी” बताता है जो अकेले रहते हैं—चाहे वह नौकरी, पढ़ाई या फिर अपनी पसंद के कारण हो। यह ऐप खास तौर पर उन लोगों को टारगेट करता है जो सामाजिक रूप से अलग-थलग रहने के खतरे में हो सकते हैं, जैसे छात्र, वर्किंग प्रोफेशनल्स और शहरों में अकेले रहने वाले बुजुर्ग। चीनी मीडिया आउटलेट Global Times के अनुसार, 2030 तक चीन में लगभग 20 करोड़ ऐसे घर हो सकते हैं जहां सिर्फ एक व्यक्ति रहता हो। इससे ऐसे डिजिटल सेफ्टी सॉल्यूशंस की संभावित मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Are You Dead? किसने बनाया
Apple App Store पर यह ऐप Moonscape Technologies Inc द्वारा पब्लिश किया गया है। Global Times की रिपोर्ट के मुताबिक, इसे तीन को-फाउंडर्स के एक छोटे स्वतंत्र समूह ने बनाया है, जिनका जन्म 1995 के बाद हुआ है। ऐप के वायरल होने के बाद इसके निर्माताओं ने कहा है कि वे इसमें सुधार करेंगे। आने वाले अपडेट्स में SMS नोटिफिकेशन और बुजुर्गों के लिए विशेष वर्जन शामिल हो सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































